Breaking News
recent

मतगणना आज, खुलेंगी एक साथ 14 ईवीएम

मतगणना आज, खुलेंगी एक साथ 14 ईवीएम

धौलपुर. जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लडऩे वाले 39 प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा मंगलवार को खुलेगा। बाड़ी रोड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होने वाली मतगणना के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतगणना के लिए चार विधानसभाओं के लिए चार कक्ष तैयार किए गए हैं। हर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए 14 टेबिल लगाई गई है। मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी। पहले डाक मत पत्रों की गणना होगी। इसके आधे घण्टे बाद ही ईवीएम मशीन में डले मतों की गिनती शुरू हो जाएगी। ऐसा पहली बार होगा कि एक राउण्ड पूरा होने के बाद ही दूसरा राउण्ड शुरू होगा। साथ ही हर विधानसभा क्षेत्र में एक ईवीएम का वीवीपैट को चेक किया जाएगा। जिससे यह पता लगाया जाएगा कि जितने मत ईवीएम में हैं, उतनी ही पर्ची वीवीपैट में है या नहीं।
इसके चलते धौलपुर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए 17 राउण्ड होंगे। वहीं बाड़ी के लिए 19, बसेड़ी के लिए 16 तथा राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए 17 राउण्ड होंगे। धौलपुर तथा राजाखेड़ा के प्रत्याशी व काउंटिंग एजेण्टों को गेट नम्बर एक से प्रवेश दिया जाएगा। वहीं बाड़ी तथा बसेड़ी के प्रत्याशी व मतगणना एजेंटों को गेट नम्बर दो से प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए प्रवेश-पत्र जारी किए गए हैं। वहीं परिसर में केंटीन की व्यवस्था की गई है। वाहन पार्किंग की व्यवस्था परिसर से सौ मीटर की दूरी पर की गई है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेश वर्मा ने बताया कि हर मतगणना कक्ष की लगातार वीडियोग्राफी होगी। मतगणना के दौरान पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। चुनाव परिणाम बारह बजे से आना शुरू हो जाएंगे। प्रत्याशियों के लिए समर्थकों के लिए मतगणना की जानकारी देने के लिए एनाउसमेंट की व्यवस्था की गई है।
प्रवेश-पत्र से ही मिलेगी एंट्री
मतगणना स्थल के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से जारी प्रवेश पत्रधारी व्यक्तियों को ही अंदर प्रवेश दिया जाएगा। इसके अभाव में किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा सकेगा। इसके लिए निर्वाचन अधिकारी की ओर से पास जारी किए गए हैं। मतगणना एजेंटो को सुबह सात बजे ही प्रवेश दिया जाएगा।
सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था
एडीएम ने बताया कि मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई है। यह सुरक्षा व्यवस्था त्रिस्तरीय है। इसमें पहले स्तर पर आईटीबीपी के जवान तैनात किए गए हैं। इसके बाद आरएसी के जवान तैनात किए गए हैं। इसके बाद भी स्थानीय पुलिस बल की तैनातगी की गई है।
जुलूस पर रहेगी पाबंदी
एडीएम ने बताया कि प्रत्याशियों के जीतने के बाद जुलूस पर पाबंदी रहेगी। वर्तमान में धारा 144 प्रभावी है, इस कारण कोई भी व्यक्ति जुलूस इत्यादि नहीं निकाल सकता है।
ईवीएम की निगरानी कर रहे कार्यकर्ता
ईवीएम में कथित गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर अपनी संतुष्टि के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर निर्वाचन विभाग ने प्रत्याशी या उनके एजेंटों को रुकने की अनुमति दी है। इसके लिए मतगणना स्थल पर द्विस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बाहर व्यक्ति ठहर सकता है। इसके लिए सरकारी टेंट की व्यवस्था रखी गई है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.