Breaking News
recent

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 LIVE : सुबह की चाय के साथ शुरू हुई यह चुनावी चर्चा चटक धूप खिलने तक जारी रही

सादुलपुर. विधानसभा चुनाव 2018 अन्तर्गत राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं तथा कयासों के साथ कार्यकर्ता एवं आमजन अपने-अपने दल के नेताओं के समर्थन में बहस करते नजर आने लगे हैं। कल तक स्थिति यह थी कि कोई भी मतदाता एवं कार्यकर्ता खुलकर नहीं बोल रहा था। लेकिन बुधवार को सादुलपुर के मुख्य बाजार घंटाघर के पास राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता अपने-अपने तर्क तथा वोटों के समीकरण एवं जीत के दावे करते नजर आए।

पार्टी चाहे कोई भी हो लेकिन चाय के साथ चुनावी चर्चा का रंग सजने लगा है। चर्चा में लोग गत विधानसभा चुनाव के समीकरणों पर बहस कर रहे थे। वहीं कुछ ग्रामीण इस बार परिवर्तन की बात कर रहे थे। दिनभर चाय एवं पान की दुकानों पर लोग गुटों में बंटकर चुनावी मुद्दों एवं बुनियादी सुविधा को उठाकर बहस करते देखे जा सकते हैं। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में भी यहां की मुख्य समस्या बालिका सरकारी महाविद्यालय खोलने एवं सरकारी अस्पताल में बिगड़ती अव्यवस्थाओं का मुद्दा भी लोगों में छाया हुआ है।

लोगों की जुबानी
मिनी सचिवालय के पास बैठे अनेक लोगों से पत्रिका ने विभिन्न मुद्दों को लेकर वार्ता की। जिसमें एडवोकेट चंद्रभान कुल्हरी ने दिग्गज नेताओं के आने एवं सभा को संबोधित करने, स्थानीय मामलों को नहीं उठाने के सवाल पर कहा कि उनको आने से पहले क्षेत्र की समस्याओं का फीडबैक लेना चाहिए तथा अपने विचार एवं भावी योजनाओं की जानकारी देनी चाहिए। लेकिन दुर्भाग्य है कि किसी भी नेता ने स्थानीय समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया। लेकिन मेरा यह मानना है कि जनता को लोकल समस्याओं को ध्यान में रखने वाले एवं निष्पक्ष एवं ईमानदार प्रत्याशी को वोट देना चाहिए।

इसी प्रकार एडवोकेट प्रीतम शर्मा ने कहा कि चुनाव अन्तर्गत हर राजनीतिक दल के बड़े नेता सादुलपुर पहुंचे हैं, लेकिन उन्होंने रटी-रटाई बातों एवं पार्टी के वोट मांगने के अलावा कोई बात नहीं की। जब तक लोकल समस्याओं की बात नहीं होगी, तब तक उनका आना सार्थक नहीं है तथा मतदाता को अपना धर्म, गौत्र, जातिवाद से उठकर मजबूत लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष होकर मतदान करना जरूरी है।

एडवोकेट तेजपाल पूनिया ने कहा कि क्षेत्र में जातिवादी, गौत्रवादी जैसे कोई मुद्दे नहीं है। लेकिन प्रत्याशियों को विकास एवं अपना विजन जनता के बीच रखना चाहिए। वहीं महबूब आलम ने कहा कि क्षेत्र में धर्म-जाति के आधार पर चुनाव की चर्चा चल रही है, विकास की नहीं। यही दुर्भाग्य है।

सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत डोरवाल ने निष्पक्ष एवं बिना किसी डर-भय के ईमानदार प्रत्याशी को मत देने की आवश्यकता जताई। वहीं सुरेेन्द्र जांगिड़ ने कहा कि धर्म, जाति-संप्रदाय के आधार पर वोट मांगने वाले प्रत्याशी के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए। ताकि निष्पक्ष चुनाव को मजबूती मिल सके। लेकिन विकास की कहीं बात नहीं हो रही है।

मनोज सांगवान ने कहा कि प्रत्याशी विकास को लेकर चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन आमजन को निष्पक्ष मतदान करना जरूरी है। इस अवसर पर लक्ष्मणसिंह शेखावत, रविन्द्र डोरवाल, प्रवीण आदि बड़ी संख्या में लोगों ने चर्चा की।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.