Breaking News
recent

विधानसभा चुनाव 2018 -सभी प्रत्याशियों को रजिस्टर में इन्द्राज करना होगा खर्च

पोकरण. आगामी विधानसभा चुनाव 2018 को देखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से पोकरण विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी व्यय पर्यवेक्षक बी.ज्योति किरण ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र के सहायक व्यय पर्यवेक्षक, व्यय प्रकोष्ठ प्रभारियों, निर्वाचन एजेंटोंं के साथ बैठक ली। उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशियों के व्यय की वीडियो रिकॉर्डिंग, प्रिंट, इलेक्ट्रोनिक मीडिया व वीडियो निगरानी दल की ओर से निगरानी रखी जा रही है। ऐसी स्थिति में विधानसभा चुनाव में किए जाने वाले व्यय की सूचना प्रत्याशी अपने व्यय रजिस्टर में पूर्ण रूप से दर्ज कर सूचना चुनाव अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करेंंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यय जो किसी भी माध्यम से किया गया है, उसे दर्शाना अनिवार्य होगा। अन्यथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि चुनाव में कार्यरत व्यय पर्यवेक्षकों की ओर से जगह-जगह लगे पोस्टर व हॉर्डिंग की रिकॉर्डिंग की जा रही है। प्रत्याशी के कार्यालय व कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को देय मानदेय एवं चाय, खाने के व्यय पर भी नजर रखी जा रही है। पेट्रोल पम्पोंं पर भी डीजल, पेट्रोल आदि की सूचना संकलित की जा रही है। इन सब को देखते हुए समस्त व्यय अनिवार्य रूप से व्यय रजिस्टर में इन्द्राज करना होगा। व्यय पर्यवेक्षक ज्योति किरण ने पोकरण विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी तुलछाराम व निर्दलीय प्रत्याशी पुखराज की ओर से व्यय लेखा प्रस्तुत नहीं करने पर गंभीरता से लेते हुए उनके विरुद्ध भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्रवाई करने के लिए निर्वाचन अधिकारी उपखण्ड अधिकारी को निर्देशित किया।

सामन्य पर्यवेक्षक पोकरण श्रीनिवासुलु ने मतदान केन्द्रों का किया पर्यवेक्षण
जैसलमेर. पोकरण विधानसभा के सामान्य चुनाव पर्यवेक्षक के. श्रीनिवासुलु ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामदेवरा के मतदान केन्द्र संख्या 72, 73, 74, 75, 76 का निरीक्षण किया एवं वहां की व्यवस्थाओं को देखा।
उन्होंने मतदान केन्द्रों के भवन के साथ ही वहां उपलब्ध छाया, पानी, विद्युत, रैम्प इत्यादि व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। यहां पर मतदान केन्द्र 72, 73 व 74 में रैम्प का निर्माण सही नहीं होने के कारण चुनाव पर्यवेक्षक ने मौके पर ही सेक्टर अधिकारी गुलाबचन्द राम को रैम्प सहीं कराने के निर्देश दिए। चुनाव पर्यवेक्षण गोमट के मतदान केन्द्र संख्या 80, 81 व 82 का भी निरीक्षण किया जहां पर सभी व्यवस्थाएं सही पाई गई। उन्होंने सादा में मतदान केन्द्र संख्या 55, राठौड़ा में मतदान केन्द्र संख्या 56 तथा मावा में मतदान केन्द्र संख्या 57 का भी निरीक्षण किया जहां पर भी व्यवस्थाएं सही पाई गई। चुनाव पर्यवेक्षक के सेक्टर अधिकारी हुकमसिंह भाटी को निर्देश दिए कि सभी मतदाताओं को यह संदेष देवें कि 7 दिसम्बर को मतदान के दिवस अपना मत का प्रयोग अवश्य ही करें। चुनाव पर्यवेक्षक ने भ्रमण के दौरान ग्रामीणों को भयमुक्त होकर मतदान के दिवस मतदान करने का आह्वान किया। पर्यवेक्षक के साथ लाईजन अधिकारी रफीक मोहम्मद भी मौजूद रहें। उन्होंने पुलिस चेक पोस्ट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय का भी अवलोकन किया एवं वहां वितरित की जा रही पोषाहार व्यवस्था को भी देखा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.