सीकर. फतेहपुर में व्यवसायी से 25 लाख रुपए की वसूली के लिए घर के बाहर गोलियां चलाने के हथियार गैंगवार से जुड़े अपराधियों ने उपलब्ध करवाए थे। पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर वारदात में काम लिए गए हथियार जब्त कर लिए हैं। पुलिस अब हथियार उपलब्ध करवाने वालों के साथ फरारी के दौरान इन अपराधियों को पनाह देने वालों की भी तलाश कर रही है। पुलिस अधीक्षक प्रदीप मोहन शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित ताजसर निवासी राजेन्द्र उर्फ गांधी, खूड़ी निवासी रणवीर उर्फ मामा और जालेऊ निवासी महेश जाट है। इस मामले में पुलिस राहुल रिणऊ व कुलदीप झाझड़ की पुलिस तलाश कर रही है।
इनमें से रणवीर और महेश को जयपुर पुलिस विशेष टीम ने गिरफ्तार किया है, जबकि राजेन्द्र उर्फ गांधी को फतेहपुर के मंडावा पुलिया क्षेत्र से गिरफ्तार कर वारदात में उपयोग ली गई जीप जब्त की है। पुलिस ने रणवीर के पास से 12 बोर बंदूक, 16 जिंदा कारतूस, महेश के पास से एक पिस्टल व तीन कारतूस, राजेन्द्र उर्फ गांधी के पास से एक पिस्टल व रिवाल्वर तथा दोनों के छह कारतूस बरामद किए हैं।
बराल और रिणवां गिरोह पर शक
पुलिस ने अभी तक व्यवसायी के घर के बाहर फायर करने वाले अपराधियों को हथियार देने वाले गिरोह के नाम का खुलासा नहीं किया है। लेकिन शक है कि फायर में काम ली गई 12 बोर बंदूक व पिस्टल अजय रिणवां गिरोह ने उपलब्ध करवाए थे। दूसरी पिस्टल कुलदीप झाझड़ को सुभाष बराल ने उपलब्ध करवाई थी। वर्तमान में सुभाष बराल और अजय रिणवां जेल में हैं। ऐसे में पुलिस यह पता करने में जुटी है कि दोनों गिरोह मिलकर तो वसूली के काम में नहीं लगे हैं। जयपुर में हुई पुलिस कार्रवाई के दौरान कुलदीप झाझड़ पुलिस को देखकर भाग गया।
वसूली देने के बाद नहीं खोलते मुंह
शेखावाटी में अपराधिक गैंगवार से जुड़े अपराधियों का वसूली खेल पुराना है। इस मामले में खास बात यह है कि अपराधियों को वसूली के पैसे देने वाले ने कभी मुंह नहीं खोला। अपराधियों से पूछताछ में ही इसका खुलासा होता है। इस मामले में व्यवसायी से बड़ी रकम 25 लाख रुपए मांगे गए। पैसे नहीं देने पर घर के बाहर बेखौफ होकर गोलियां दागी गई। इससे साफ जाहिर है कि इन अपराधियों ने इससे पहले भी वसूली की है। लेकिन अभी तक एक भी दूसरा पीडि़त पुलिस के पास नहीं आया है। फतेहपुर कोतवाल राजीव राहड़ का कहना है कि इस संबंध में अपराधियों से पूछताछ जारी है।





No comments:
Post a Comment