जैसलमेर. 38 हजार वर्ग किलोमीटर यानी एक राज्य के बराबर क्षेत्रफल वाले सीमावर्ती जैसलमेर जिले में फटाफट कलक्टर बदले जाने का क्रम टूट नहीं रहा है। राज्य सरकार ने गत मंगलवार देर शाम ओम कसेरा को बदलकर उनकी जगह 2012 बैच के आइएएस अधिकारी नमित मेहता को जैसलमेर कलक्टर नियुक्त कर दिया। बुधवार को कसेरा अपने नए कार्यक्षेत्र प्रतापगढ़ के लिए रवाना हो गए, वहीं मेहता ने जैसलमेर कलक्टर का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कसेरा को जैसलमेर में महज 5 माह कार्य करने का अवसर मिला। इससे पहले अनुपमा जोरवाल महज ढाईमाह ही जैसलमेर की कलक्टर रह पार्ई। जानकारों के अनुसार विशाल भौगोलिक क्षेत्रफल वाले जैसलमेर जिले को प्रशासनिक मुखिया के तौर पर कलक्टर देख और समझ भी नहीं पा रहे, इससे पहले उनके तबादले किए जा रहे हैं। वैसे जैसलमेर में कलक्टर का औसतन कार्यकाल एक वर्ष से भी कम रहने की परम्परा कायम हो चुकी है। गौरतलब है कि सरकार ने जारी की 68 आइएएस की तबादला सूची में जैसलमेर कलक्टर ओम कसेरा को प्रतापगढ़ कलक्टर के पद स्थानांतरित किया। उनकी जगह नमित मेहता को जैसलमेर कलक्टर बनाया गया है। मेहता यहां से पहले अजमेर विकास प्राधिकरण में आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। कसेरा जिले के प्रषासनिक इतिहास में ऐसे 26वें कलक्टर बने जिनका कार्यकाल एक साल से कम रहा।
सबसे ज्यादा पंवार टिके
-जैसलमेर जिले में कलक्टर पद पर सर्वाधिक समय डॉ. ललित के. पंवार रहे। उनका कार्यकाल सवा तीन वर्ष का था। डॉ. पंवार 28 अप्रेल 1985 से 1 अगस्त 1988 तक जैसलमेर कलक्टर रहे। एचसी पाण्डे ऐसे कलक्टर रहे, जिन्हें महज 20 दिन में ही बदल दिया गया। जिन कलक्टरों को दीर्घावधि तक काम करने का मौका मिला उनमें सज्जननाथ मोदी 25 माह, पीएल अग्रवाल और एनएल मीना ने 23-23 महीने तथा सुधांश पंत 21 महीने तक कार्यरत रहे। ऐसे ही अल्पावधि के लिए कलक्टर रहने वालों में अनुपमा जोरवाल को ढाई माह, सत्यनारायण गुप्ता, एचसी देराश्री और अम्बरीश कुमार को 4-4 माह, केशव पुरी व ओम कसेरा को 5-5 और बन्नेसिंह को 6 माह जैसलमेर कलक्टर रहने का अवसर मिला।
अधिकांश पहली बार बनते हैं कलक्टर
कम आबादी तथा बड़ा क्षेत्रफल वाला और कई मामलों में पिछड़ेपन का अभिशाप झेलने वाला मरुस्थलीय जैसलमेर जिला नए आइएएस के लिए सीखने की जगह माना जाता है। यही वजह है कि युवा अधिकारी को यहां अधिकांष दफा पहली बार कलक्टरी करने को मिलती है। जैसलमेर में कलक्टर रहने वाले कुछ अधिकारी आगे चलकर प्रदेश के मुख्य सचिव तक रहे हैं। इतने विशाल क्षेत्र में काम करने के लिए कलक्टर को जहां ज्यादा समय की दरकार होती है वहां वे कम समय ही बीता पाते हैं।
फैक्ट फाइल -
-62वें जिला कलक्टर बने नमित मेहता
-01 साल से कम कलक्टर का औसत कार्यकाल
- 38 हजार वर्ग किमी क्षेत्र में फैला जैसलमेर





No comments:
Post a Comment