Breaking News
recent

केपीएल-2 के आगाज के साथ ही छाएगा क्रिकेट का रोमांच

करौली. जिला मुख्यालय पर सोमवार से क्रिकेट का रोमांच छाएगा। सात दिन तक क्रिकेट प्रेमी चौकों-छक्कों की धूम के बीच क्रिकेट का लुत्फ उठा सकेंगे। मौका होगा राजीव गांधी खेल संकुल के क्रिकेट मैदान पर केपीएल-2 के आयोजन का। केपीएल-2 का आगाज सोमवार से होगा। क्रिकेट प्रतियोगिता के आगाज मौके पर आर्केस्ट्रा पार्टी के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम के रंग भी बिखेरेंगे।

आयोजन समिति के सचिव राजेश सारास्वत के अनुसार सोमवार सुबह 9 बजे से मैदान पर आर्केस्ट्रा पार्टी के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद 11.15 बजे राज्य क्रीड़ा परिषद के पूर्व अध्यक्ष शिवचरण माली प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे।

उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजन समिति के अध्यक्ष व प्रमुख व्यवसायी अजयसिंह करेंगे। विशिष्ठ अतिथि बतौर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र सिंह शिरकत करेंगे। सारस्वत के अनुसार उद्घाटन मैच राज रॉयल करौली व करौली रॉयल के मध्य खेला जाएगा।

इसके बाद मंगलवार से ग्राउण्ड पर दो मैच खेले जाएंगे, जिसमें पहला मैच सुबह 9 बजे से और दूसरा मैच दोपहर 1 बजे से खेला जाएगा। गौरतलब है कि गत वर्ष भी इसी मैदान पर केपीएल-1 का आयोजन हुआ था।

4 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था
प्रतियोगिता में कुल 5 टीमें भाग लेंगी। प्रत्येक टीम में 6 गेस्ट प्लेयर शामिल हैं, वहीं 8 खिलाड़ी स्थानीय होंगे। 7 रणजी खिलाड़ी भी मैचों में क्रिकेट का कमाल दिखाएंगे। मैदान पर करीब 4 हजार दर्शकों के लिए बैठक व्यवस्था की गई है।

सज-धजकर तैयार मैदान
क्रिकेट प्रतियोगिता के मद्देनजर आयोजन समिति ने क्रिकेट मैदान को संवार दिया है। अतिथियों के लिए मंच बनाने के साथ प्रवेशद्वारों को भी विशेष तरीके से सजाया गया है।

वहीं मैदान के चारों ओर तारबंदी के साथ बैठक व्यवस्था के लिए कुर्सी, टेण्ट-शामियाने लगाए गए हैं। कॉमेन्ट्री बॉक्स बनाने के साथ मैचों में थर्ड एम्पायर की भी व्यवस्था इस बार की गई है। आयोजन समिति के योगेन्द्र सिंहल के अनुसार सभी मैचों में अपडेट स्कोरिंग के लिए ऑनलाइन व्यवस्था रहेगी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.