लक्ष्मणसिंह राठौड़ @ राजसमंद
राजसमंद. श्री बालकृष्ण उमावि परिसर में चारों विधानसभा सीटों की मतगणना मंगलवार सुबह 8 बजे शुरू हो जाएगी। सबसे पहले डाक मत पत्रों की गणना होगी और साढ़े आठ बजे तक परिणाम जारी होने के बाद पहले राउंड का रूझान नौ बजे तक आ जाएगा। राजसमंद, भीम व नाथद्वारा विधानसभा के वोटों की गणना के लिए 14-14 टेबलें लगाई गई है, जबकि कुंभलगढ़ विधानसभा के वोटों की गणना 9 टेबलों पर होगी। डेढ़ से 2 बजे तक तीनों विधानसभा के परिणाम घोषित हो जाएंगे, जबकि कुंभलगढ़ विधानसभा का रिजल्ट करीब एक घंटे देरी से आएगा। इसके तहत 51 टेबलों पर एक साथ वोट गिने जाएंगे और प्रत्येक ईवीएम की गिनती में 20 से 25 मिनट का वक्त लगेगा। तीनों विधानसभा की गणना 18- 18 राउंड में होगी, जबकि कुंभलगढ़ की मतगणना 27 राउंड में पूरी होगी। ईवीएम (इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन) को स्ट्रॉन्ग रूम से मतगणना कक्ष ले जाने, गणना व परिणाम की घोषणा तक की पूरी प्रक्रिया से चुनिंदा अधिकारी-कार्मिकों को अवगत कराते हुए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। प्रत्येक ईवीएम को मत प्रदर्शित करने में करीब 20 से 25 मिनट का समय लगेगा। यानी, एक राउंड में ईवीएम खोलने, वोट गिनने और मशीन बंद करने में आधे घंटे से भी कम समय लगेगा। इसके अलावा वीवीपेट की भी अलग से गणना होगी।
दिनभर डटे रहे अधिकारी
श्री बालकृष्ण स्कूल में मतगणना स्थल पर आवश्यक तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी श्यामलाल गुर्जर के साथ अधिकारी दिनभर डटे रहे। चुनाव पर्यवेक्षक सुखदेवदास, मनीष गर्ग, बी. मुरुगेश व एसपी भुवन भूषण यादव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार, जिला परिषद सीईओ गोविन्दसिंह राणावत, श्रीनाथजी मन्दिर मण्डल सीईओ जितेन्द्र ओझा, एएसपी डॉ. राजेश भारद्वाज, नगरपरिषद आयुक्त बृजेश राय व रिटर्निंग अधिकारी सुबह से ही माइक लगाने, टेंट, ईवीएम मशीनों को आने, गणना के तरीके व रुझान जारी करने तक की सभी गतिविधियों की तैयारियों में जुटे रहे।
प्रवेश की यह रहेगी व्यवस्था
- मतगणना ड्यूटी में लगे अधिकारी-कार्मिक एवं मीडियाकर्मियों का प्रवेश जेके मोड से सीधे इंडोर स्टेडियम के पास होकर
- प्रत्याशी व उनके अभिकर्ताओं को पुरानी सब्जी मंडी के पास विद्यालय के मुख्य द्वार से प्रवेश होगा।
- मतदानकर्मी व प्रत्याशियों के वाहनों की पार्किंग विठ्ठल विलास बाग, सब्जी मंडी के पीछे खाली मैदान में रहेगी। बाग से जेके मोड़ तक के लिए बस का प्रबंध किया गया है।
- मतगणना से संबंधित अधिकारी, कार्मिक, अभिकर्ता अपने साथ मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे।
माइक व केबल टीवी पर लाइव रुझान
मतगणना केन्द्र के हर राउंड के मतगणना के रुझान माइक से अलाउंस होते रहेंगे। इसके लिए शहर में कई जगह माइक लगाए गए हैं, जबकि इसका लाइव प्रसारण केडीएन केबल टीवी पर भी होगा।
खींचा शामियाना, लगाए बेरीकेड
मतगणना स्थल परिसर में शामियाना तैयार कर लिया है तथा फर्श पर दरियां बिछाने व स्टालें बनाने का कार्य जारी है। मतगणना केन्द्र के मुख्य द्वार से बीस से पच्चीस फीट की दूरी पर बेरिकेट्स लगा दिए हैं।
तीसरी आंख की रहेगी नजर
बालकृष्ण विद्या भवन में सुरक्षा, पारदर्शिता व विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। मतगणना कक्षों के साथ पूरे परिसर में कैमरे लगाने का कार्य शुरू कर दिया है।
ऐसे होगी मतगणना की प्रक्रिया
ईवीएम की कंट्रोल युनिट के कवर पर दो सील लगी हैं। इन्हें अधिकारी को दिखाया जाएगा। फिर सील तोड़ी जाएगी। नीचे पेपर सील रहती है। इसे हटाने पर रिजल्ट का बटन दिखेगा। बटन दबाने से कंट्रोल युनिट पर लगी डिस्प्ले स्क्रीन पर वोटों की संख्या दिखाई देगी। रिजल्ट का बटन दबाते ही ईवीएम में एक नंबर पर मौजूद प्रत्याशी को मिले वोट की संख्या स्क्रीन पर आएगी। दूसरी बार दबाने पर दो नंबर पर दर्ज प्रत्याशी के वोट दिखेंगे। यानी जितने उम्मीदवार, उतनी बार दबाने पर वोटों की संख्या आएगी। अंत में नोटा के वोट भी आ जाएंगे। आखिर में रिजल्ट का बटन दबाने पर एंड लिखा आ जाएगा, जिससे मशीन के सारे वोट गिन लिए जाने का पता चलेगा। असमंजस होने पर यह प्रक्रिया फिर दोहराई जा सकेगी।
नहीं निकाल सकेंगे जुलूस
मतगणना के बाद परिणाम घोषणा पर कोई भी प्रत्याशी विजयी जुलूस नहीं निकाल सकेंगे। इसके लिए बकायदा प्रशासन से अनुमति लेनी होगी और अनुमति मिलने पर ही जुलूस निकाला जा सकेगा। जुलूस शुरू होने के स्थान, समय व रूट की सूचना पुलिस व प्रशासन को अग्रिम देनी अनिवार्य है। ऐसा नहीं करने पर धारा 144 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बालकृष्ण स्टेडियम में प्रवेश नहीं
मतगणना के तहत श्री बालकृष्ण स्टेडियम कांकरोली में इस बार आमजन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके लिए सभी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा गार्ड तैनात कर दिए गए हैं। निर्वाचन विभाग द्वारा इस बार यह खास व्यवस्था की गई है।
तैयारियां पूर्ण, सुरक्षा खास प्रबंध
मतगणना के लिए श्री बालकृष्ण विद्या भवन में जरूरी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है। चौतरफा सुरक्षा को लेकर गार्ड तैनात है। आमजन का स्टेडियम में प्रवेश वर्जित रहेगा, जो घर बैठे केबल टीवी पर देख सकेंगे। इसके अलावा शहरवासियों को मतगणना के रुझान जानने के लिए माइक लगाए गए हैं, जिस पर लगातार अपडेट का अलाउंस होता रहेगा।
श्यामलाल गुर्जर, जिला कलक्टर राजसमंद





No comments:
Post a Comment