बीकानेर. जिले से विधानसभा में पहुंचने वाली महिला विधायकों का आंकड़ा काफी कम है। अब तक केवल दो महिला प्रत्याशी ही चुनावी जीत दर्ज कर विधानसभा में पहुंच पाई हैं। इस बार भी जिले की सात विधानसभा सीटों पर नौ महिला प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया। इनमें केवल एक महिला प्रत्याशी ही जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंच पाई। बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक चार महिला प्रत्याशियों ने चुनावी ताल ठोकी। इसी सीट से भाजपा की सिद्धि कुमारी ने जीत दर्ज की। वहीं श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की पूनम कंवर भाटी दूसरे स्थान पर रही। इस बार चुनाव मैदान में बीकानेर पश्चिम,
नोखा तथा श्रीकोलायत विधानसभा में एक-एक, लूणकरनसर विधानसभा में दो तथा बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में चार महिला प्रत्याशियों ने चुनाव मैदान में उतरकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
इन्होंने आजमाया भाग्य
बीकानेर पश्चिम विधानसभा से शबनम बानो (निर्दलीय), बीकानेर पूर्व से सिद्धि कुमारी (भाजपा), मधुबाला (डीकेडी), प्रियंका (निर्दलीय), मंजूलता गहलोत (निर्दलीय), लूणकरनसर विधानसभा से हरबख्श कौर (एनयूजेडपी), बिन्दु पंवार (निर्दलीय), नोखा विधानसभा क्षेत्र से इन्दु देवी (आरएलटीपी), श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र से पूनम कंवर भाटी (भाजपा) ने चुनावी मैदान में उतरकर अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज करवाई।
ये पहुंची हैं विधानसभा में
बीकानेर जिले की सात विधानसभा सीटों से अब तक दो महिलाएं ही विधायक निर्वाचित होकर विधानसभा में पहुंच पाई है। वर्ष १९६७ और १९७२ में श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की ओर से कांता खतुरिया ने जीत दर्ज की और विधानसभा में पहुंची। वर्ष २००८, २०१३ और २०१८ में लगातार तीन बार बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से सिद्धि कुमारी विधायक चुनी गई हैं। सिद्धि कुमारी जिले से पहली महिला हैं, जिन्होंने लगातार तीन बार जीत दर्ज की है।





No comments:
Post a Comment