9 दिन बाद मिटा बस स्टैंड का अंधेरा, लौटी बिजली
नगर परिषद ने करवाया प्रीपेड मीटर को रिचार्ज
बाड़मेर . शहर के केंद्रीय बस स्टैंड के प्रीपेड मीटर को फिर से रिचार्ज करवा देने से परिसर फिर से रोशन हो गया है। पिछले 9 दिनों से बस स्टैंड रात में अंधेरे के आगोश में रहा। इससे यात्री और कार्मिक दोनों परेशान हुए। उल्लेखनीय है कि बस स्टैंड की बिजली गुल हो जाने पर राजस्थान पत्रिका ने 18 दिसम्बर के अंक में '6 दिन से केन्द्रीय बस स्टैंड में पसरा अंधेरा व 20 दिसम्बर को बस स्टैंड पर 8 दिन से बिजली नहीं, पानी की मोटर बंद, प्याऊ सूखी, दुर्गंध मार रहे शौचालय खबर का प्रकाशन कर यात्रियों की पीड़ा बताई थी। इसके बाद नगर परिषद के जिम्मेदार जागे और गुरुवार को बिजली के लिए 19 हजार रुपए का रिचार्ज करवाया। इसके बाद बस स्टैंड पर फिर से बिजली लौटी। बिजली आने पर रोडवेज कर्मियों के साथ यात्रियों ने भी पत्रिका का आभार जताया।
चली मोटर, प्याऊ और टायलेट में आया पानी
पिछले 9 दिनों से बिजली बंद होने से स्टैंड की प्याऊ सूख चुकी थी। छत पर पानी की टंकी भरने की मोटर बिजली के अभाव में नहीं चल पाई थी। ऐसे में पीने के साथ टायलेट के नल भी सूख गए थे। अब बिजली बहाल होने पर गुरुवार को प्याऊ और टायलेट में पानी आने से यात्रियों को राहत मिली।





No comments:
Post a Comment