प्रतियोगिता को औपचारिकता बनाकर विभाग ने सीधे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
की सूची जारी
रविन्द्र राठौड़
सीकर. अद्र्धवार्षिक परीक्षा के दौरान 32 वीं जिला शिक्षक क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता औपचारिक बनकर रह गई। परीक्षा के चलते ब्लॉक एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं से ज्यादातर शिक्षकों ने दूरी बना ली। किसी भी खेल मैदान पर शिक्षक खेलते नजर नहीं आए। शिक्षा विभाग के सामने केवल कागजों में सूची बनाकर पेश की गई। इन्हीं सूचियों के आधार पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की सूची भी तैयार हो गई। जिले के पांच संस्थाओं ने नाम देकर महज औपचारिकता निभाई। जिले की दो महिला व तीन पुरुष संस्था प्रधान सूची में शामिल है।
आवासीय प्रशिक्षण के फेर में उलझी प्रतियोगिता
इधर, शिक्षकों के आवासीय प्रशिक्षण एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता एक साथ होने के चलते प्रतियोगिता में शिक्षकों का पहुंचना मुश्किल है। क्योंकि आवासीय शिविर में शिक्षकों का उपस्थित होना अनिवार्य है। शिक्षक क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता ने संस्था प्रधान व शिक्षकों को असमंजस में डाल रखा है। शिक्षक खेलने के लिए तैयार हैं, लेकिन परीक्षा और आवासीय प्रशिक्षण के फेर में प्रतियोगिता उलझकर रह गई है। निदेशालय ने इस बार अवकाश के दिन प्रतियोगिता शुरू कर पहले ही विभाग के नियमों को औपचारिक बना दिया था।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दस टीमों का चयन
जिले से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए पुरूष वर्ग में नौ एवं महिला वर्ग में एथलेटिक्स की एक टीम का चयन हुआ है। 26 से 28 दिसंबर तक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रशिक्षण तथा 29 से 31 दिसंबर तक प्रतियोगिता होगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तीन वर्गों में होनी है। पुरूष वर्ग में बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, एथलेटिक्स 100, 200, 400 मीटर एवं 4 गुणा 100 मीटर, रिलेदौड़, ऊंचीकूद, गोला फैंक 15 पौंड प्रतियोगिता राबाउप्रावि गुरूनानक कॉलोनी बूंदी, कोटा मंडल में होगी। फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सुगम संगीत सामूहिक गान, एकाभिनय एवं विचित्र वेशभूषा आदि कार्यक्रम राउप्रावि खेरदा सवाईमाधोपुर, भरतपुर मंडल में होगी। महिला वर्ग में बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सुगम संगीत सामूहिक गान, समूह नृत्य, एकल नृत्य, एथलेटिक्स 100, 200, 400 मीटर एवं 4 गुणा 100 मीटर दौड़, रिलेदौड़, ऊंचीकूद व गोलाफेंक 12 पौंड़ प्रतियोगिता राबाउमावि राजसमंद, उदयपुर मंडल में होगी।





No comments:
Post a Comment