Breaking News
recent

लाठी में उपद्रव के बाद तीसरे दिन भी बाजार रहे बंद,ग्रामीणों में भय व दहशत का माहौल

जैैसलमेर/पोकरण. गत तीन दिन पूर्व शुक्रवार को क्षेत्र के लाठी गांव में विधानसभा चुनाव के मतदान के बाद हुई झड़प, पथराव, आगजनी, वाहनों में तोडफ़ोड़ के बाद लाठी गांव में उपजे हालातों के तीसरे दिन भी गांव के बाजार बंद रहे तथा गांव में शांति व्यवस्था बनी रही। हालांकि पुलिस, आरएएफ व आरएसी के जवान रविवार को भी गांव के मुख्य चौराहे व मुख्य मार्गों पर गश्त करते देखे गए। गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व शुक्रवार को शाम करीब पौने पांच बजे मतदान केन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से कुछ ही दूरी पर दो गुटों में आपस में झड़प हो गई तथा पथराव में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। उपद्रव मचा रहे लोगों की ओर से तीन दुकानों व वाहनों में आग लगाने के बाद तोडफ़ोड़ कर वाहनों को उल्टा पटक दिया। जिससे गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए। उसके बाद से ही गांव के दो वर्गों में आज भी तनाव के हालात बने हुए है।
तीसरे दिन भी बाजार रहे बंद
लाठी गांव में तनावपूर्ण माहौल के बाद शुक्रवार की शाम से ही गांव के बाजार बंद हो गए तथा हालात सामान्य होने के बावजूद ग्रामीणों व दुकानदारों में भय व दहशत का माहौल है, जिससे रविवार को तीसरे दिन भी गांव के व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। जिससे लोगों को खासी परेशानी हुई। गौरतलब है कि लाठी पोकरण क्षेत्र की बड़ी ग्राम पंचायत है। यहां आसपास क्षेत्र के गांवों में घनी आबादी निवास करती है तथा नलकूप क्षेत्र होने के कारण बड़ी संख्या में किसानों का आवागमन रहता है। यहां आम जरुरत की वस्तुओं के अलावा खाद बीज व दवाईयों की दुकानें भी बंद होने के कारण किसानों को परेशानी हो रही है।
आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि मतदान केन्द्र से कुछ दूरी पर बैठे चर्चा कर रहे निहत्थे लोगों पर सुनियोजित ढ़ंग से अचानक पथराव व हमला किया गया। उपद्रवियों ने काफी देर तक मुख्य चौराहे व राष्ट्रीय राजमार्ग पर पथराव किया तथा दुकानों व वाहनों में आग लगा दी गई। बावजूद इसके पुलिस की ओर से सभी आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि जब तक सभी नामजद व पथराव कर उपद्रव मचाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है, तब तक गांव के बाजार बंद रहेंगे।
एसपी सहित आला अधिकारी रहे मौजूद
घटना के दिन देर रात्रि में जोधपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक संजीवकुमार नार्जरी लाठी पहुंचे तथा दो दिन तक यहां रुककर कानून एवं शांति व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा ग्रामीणों को भी शांति बनाए रखने की अपील करते हुए सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक जगदीशचंद्र शर्मा घटना के तीसरे दिन रविवार को भी लाठी थाने में उपस्थित रहे तथा सुरक्षा व कानून एवं शांति व्यवस्था पर निगरानी रखी। उनके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयनारायण मीणा, कैलाशदान रतनू, पुलिस उपाधीक्षक रामचंद्र चौधरी सहित कई पुलिस निरीक्षक व उपनिरीक्षक मय पुलिस, आरएसी, आरएएफ के जवानों के साथ उपस्थित रहे। तीसरे दिन भी लाठी गांव पुलिस व सुरक्षा बलों की छावनी बना रहा।
दूसरे दिन भी बंद रही इंटरनेट सेवाएं
लाठी गांव में उपजे हालातों को देखते हुए पोकरण क्षेत्र में बंद की गई इंटरनेट सेवाएं रविवार को दूसरे दिन भी बंद रही। जिससे उपभोक्ताओं को इंटरनेट संबंधी कार्य निपटाने व सोशल मीडिया के संचालन में खासी परेशानी हुई। हालांकि पुलिस की ओर से फैलने वाली गलत अफवाहों की रोकथाम व क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवाएं बंद करवाई गई है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.