शिवगंज (सिरोही)। शिवगंज पुलिस ने पश्चिमी राजस्थान के इनामी ठग चुन्नीलाल उर्फ सोनाराम सीरवी को पाली जिले के सिरियारी थाना क्षेत्र में स्थित एक कृषि कुएं से गिरफ्तार किया है। आरोपी ‘नटवरलाल’ के नाम से भी कुख्यात रहा है। इसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। ये इतना शातिर दिमाग का अपराधी है कि ठगी करने के बाद कोई सबूत तक नहीं छोड़ता था और नाम-पते बदलकर सूनसान इलाके में रहता था। पुलिस ने बताया कि शिवगंज थाने क्षेत्र में विवाह की नीयत से एक महिला को भगा ले जाने और एक अन्य ठगी के मामले में वांछित आरोपी पर 25 हजार घोषित इनाम था। थाना प्रभारी राजेन्द्रसिंह के नेतृत्व में गठित टीम में हैड कांस्टेबल तेजाराम व कांस्टेबल नरेन्द्रपालसिंह की मुखबिरी पर पाली जिले के जैतारण के हुनावास खुर्द निवासी चुन्नीलाल को पकड़ा है।
जालोर निवासी ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
गौरतलब है कि चांदराई (आहोर) जिला जालोर निवासी मोहनलाल मीणा ने 19 अगस्त 2013 को ने शिवगंज थाने में रिपोर्ट दी थी उसकी पत्नी व पुत्र-पुत्री को बिसलपुर (बिलाड़ा) निवासी सोनाराम पुत्र लच्छा माली बहला-फुसलाकर ले गया। जिस पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस जांच के दौरान सोनाराम का असली नाम चुन्नीलाल उर्फ सोनाराम पुत्र जस्साराम सीरवी होना सामने आया।
कई थानों का है वांछित
आरोपी नागौर, पाली, सिरोही, जालोर के कई थानों का वांछित है। पुलिस टीमों की ओर से लम्बे समय से आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन शातिर व्यक्ति होने व अपनी उपस्थिति का कोई सबूत नहीं छोडऩे से गिरफ्तारी संभव नहीं हो पाई।
कांस्टेबल ने बिछाया मुखबिरी जाल
पुलिस की नजरों से बचने को लेकर चुन्नीलाल मोबाइल व अन्य कोई संचार सुविधाओं का उपयोग नहीं करता था। साथ ही समय-समय पर अपने स्थान को भी बदल लेता था। ऐसे में पुलिस के लिए आरोपी को खोजना भी मुश्किल हो गया। लेकिन कांस्टेबल नरेन्द्रपालसिंह ने मुखबिरों के माध्यम से शातिर चुन्नीलाल पुलिस को गिरफ्तार किया। पुलिस ने भगवैया हंसु व उसके दोनों बच्चे जीतू व पिंकी को भी दस्तयाब किया।





No comments:
Post a Comment