Breaking News
recent

विद्यालय में सात माह में पांचवीं बार चोरी की वारदात

हर बार रविवार अवकाश के दिन हुई वारदात
श्रीगंगानगर. शहर में एक ऐसा भी राजकीय विद्यालय है, जिसमें सात माह में पांचवीं बार चोरी की वारदात हो गई लेकिन ना तो आज तक आरोपी पकड़े गए हैं और ना ही चोरी की वारदातें रुक पाई है। ना ही शिक्षा विभाग की ओर से इसको लेकर कोई ठोस कदम उठाया गया है।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नंबर ग्यारह जेसीटी मिल परिसर में सात माह में पांच चोरी की वारदात हो चुकी है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सत्यपाल ने पुरानी आबादी थाना प्रभारी, शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी शिकायत में अवगत कराया है कि विद्यालय में रविवार 23 दिसंबर को घुसे अज्ञात व्यक्ति रसोई घर व व कमरे के दरवाजों के ताले तोडकऱ रसोई गैस सिलेण्डर, गैस की भट्टी, दो बड़े टोप, ढक्कन, बर्तन, संदूक का ताला तोडकऱ शाला अभिलेख आदि चोरी कर ले गए। सोमवार को विद्यालय में स्टाफ पहुंचा तो रसोई व कमरों के ताले टूटे हुए मिले। जिसकी सूचना शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी गई। इससे पहले चोरी की वारदातों में भी आरोपी विद्यालय का सामान, पंखे, गैस सिलेण्डर, पीटी ड्रम, म्यूजिक प्लेयर, अक्षय पात्र, शाला अभिलेख, अलमारी व खिड़कियों में तोडफ़ोड़ कर सामान ले गए थे।
पहले भी हुई चोरी की वारदात
प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में जून माह से लगातार चोरी की वारदात हो रही है। इस सत्र में 4 जून की रात को विद्यालय में पहली चोरी की वारदात हुई थी। इसके बाद 14 सितंबर को फिर दूसरी वारदात हुई। वहीं 28 अक्टूबर की रात को भी वारदात हो गई। अभी यह सिलसिला यहीं नहीं थमा और 8 दिसंबर को फिर अवकाश के दिन विद्यालय में इसी तरह चोरी की वारदात हुई। अभी इन वारदातों के आरोपी पकड़े भी नहीं गए थे कि रविवार रात 23 दिसंबर को फिर विद्यालय में वारदात हो गई।
एक भी वारदात की नहीं हुई एफआईआर
- एक राजकीय विद्यालय में लगातार पांच चोरी की वारदात हो गई लेकिन पुलिस की ओर से एक भी मामले में चोरी की एफआईआर दर्ज नहीं की गई। प्रधानाध्यापक की ओर से पुरानी आबादी थाना पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में यह अवगत कराया गया है कि विद्यालय में बार-बार चोरी की वारदात होने के बाद शिकायतें दी गई लेकिन एक भी बार पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं की गई। ना ही पुलिस की ओर से वारदात रोकने के लिए कोई प्रयास किए गए।
बच्चों की पढ़ाई पर असर
- प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में चोरी की वारदात होने से उनको बार-बार बर्तन आदि खरीद कर लाने पड़ रहे हैं। यहां तक की आरोपी वहां पोषाहार भी नहीं छोड़ रहे हैं। इसके अलावा ऐसी वारदात को लेकर बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है।
इनका कहना है
- स्कूल मिल में सुनसान जगह पर स्थित है। यह स्कूल पहले मर्ज हो गया था लेकिन कोर्ट के स्टे के कारण मर्ज नहीं हो पाया था और यहीं रह गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास इलाके के लोगों से जानकारी ली जा रही है।
- कुलदीप वालिया, थाना प्रभारी पुरानी आबादी श्रीगंगानगर।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.