Breaking News
recent

ऊजला के पास हरिण का शिकार,कट्टे में मिले शव

पोकरण. क्षेत्र में गत कई दिनों से हरिण के शिकार की घटनाएं बढ़ रही है। दो दिन पूर्व धोलिया के गंगाराम की ढ़ाणी के पास कथित तौर पर हुई शिकार की घटना व हरिण के अवशेष बरामद होने के बाद ऊजला-झलारिया सडक़ मार्ग पर एक पुराना व एक ताजा हरिण का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार को सुबह वन्यजीवप्रेमियों को सूचना मिली कि ऊजला से झलारिया जाने वाले मार्ग पर करीब ढ़ाई किमी दूर सडक़ किनारे पाइपलाइन व एक होदी के पास एक कट्टे में हरिण के शव के अवशेष पड़े है। जिस पर अखिल भारतीय जीव रक्षा विश्रोई सभा के तहसील संयोजक राधेश्याम पेमाणी, विश्रोई टाइगर फोर्स के मुकेश विश्रोई खारा, पप्पु विश्रोई मौके पर पहुुंचे। उन्होंने कट्टा खोलकर देखा, जिसमें हरिण के ताजा शव के अवशेष पड़े थे। उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों व पुलिस को दी। जिस पर क्षेत्रीय वन अधिकारी केशाराम, क्षेत्रीय वन अधिकारी वन्यजीव पूरणसिंह, वनरक्षक हरिसिंह, पुलिस सहायक उपनिरीक्षक मगाराम, मुख्य आरक्षक श्रीराम विश्रोई मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। क्षेत्रीय वन अधिकारी केशाराम ने बताया कि एक कट्टे में हरिण के शव के जो अवशेष मिले है, वह बीती रात के ही प्रतीत हो रहे थे। जिससे आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति की ओर से रविवार की रात्रि में ही हरिण का शिकार किया गया है। शिकारी की ओर से हरिण के अवशेष सींग, खाल, खोपड़ी, हड्डियां कट्टे में भरकर यहां डाल दिए गए। इसके अलावा कुछ दूरी पर एक अन्य कट्टा भी मिला। जिसमें करीब दो माह पुराने हरिण के अवशेष सींग, खाल, खोपड़ी आदि बरामद हुए है। वन विभाग की ओर से दोनों हरिणों के शव बरामद किए गए। जिनका मंगलवार को पशु चिकित्सकों के मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध हरिण शिकार का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बढ़ाई जाएगी गश्त
क्षेत्र में सर्दी के मौसम तथा हरिण व वन्यजीवों के शिकार की घटनाओं को देखते हुए विभाग की ओर से गश्त बढ़ाई जाएगी। वन्यजीवों के शिकार की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
केशाराम, क्षेत्रीय वन अधिकारी वन विभाग, पोकरण।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.