अश्वनी प्रतापसिंह @ राजसमंद. राजसमंद के बालकृष्ण राउमावि में मंगलवार को राजस्थान पत्रिका की ओर से मेरा वोट, मेरा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संंख्या में मौजूद विद्यार्थियों ने संकल्प पत्र भरकर मतदान आवश्यक रूप से करने तथा परिजनों को मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। स्कूल के व्याख्याता राकेश पुरीगोस्वामी ने विद्यार्थियों को वोट का महत्व बताते हुए कहा कि वोट देना हमारा अधिकार है और उससे भी बढक़र वोट देकर हम राष्ट्रसेवा में भी सहभागी बनते हैं। इस दौरान विद्यार्थियों ने वोट देने तथा परिजनों को वोट करने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। इससे पूर्व राजस्थान पत्रिका की ओर से वितरित किए गए संकल्प पत्रभर कर दिए। इस दौरान राजस्थान पत्रिका द्वारा विद्यार्थियों को फेक न्यूज की जानकारी दी गई।
मतदाताओं को किया जागरूक
आईडाणा. एसपी सेवा संस्थान की टीम ने मंगलवार को क्षेत्र के सिरोडी, सियाणा, भाकरोदा गांवों में पहुंचकर मतदाताओं को जागरूक किया। प्रोजेक्ट मिशन लखपति महिला से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की बैठक भी आयोजित की। संस्थान सचिव ओम कंवर सोलंकी ने मतदान का महत्व बताते हुए महिलाओं को मतदान करने का संकल्प दिलाया। प्रबंधक विक्रमसिंह सोलंकी ने महिलाओं से आग्रह किया कि गांव में जो वोट डालने नहीं जाते उन्हें जागरूक कर वोट डलवाया जाए। इस दौरान संस्थान अध्यक्ष जिगर वैष्णव उपस्थित थे।
प्रशिक्षण का दूसरा दौर शुरू
राजसमन्द. विधानसभा चुनाव के अन्तर्गत राजसमन्द जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए नियुक्त मतदान दलों के प्रशिक्षण का द्वितीय चरण मंगलवार को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में शुरू हुआ। प्रशिक्षण 2 दिसम्बर तक चलेगा। चुनाव पर्यवेक्षकों सामान्य मनीष गर्ग, एसएन गायकवाड़ भीम ने प्रशिक्षण का अवलोकन किया और विभिन्न व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। मंगलवार को हुए प्रशिक्षण में मतदान दल 1 से 425 तक के पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रभारी अधिकारी नाथद्वारा, मन्दिर मण्डल के मुख्य निष्पादन अधिकारी जितेन्द्र ओझा के निर्देशन में संदर्भ दक्ष प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण दिया।





No comments:
Post a Comment