दौसा . चुनाव में जीत के बाद दौसा में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए विधायक मुरारीलाल मीना ने कहा कि क्षेत्र में शांति व भाईचारा किसी भी सूरत में बिगडऩे नहीं दिया जाएगा। बिजली, पानी, चिकित्सा आदि सुविधाओं पर तत्काल ध्यान दिया जाएगा। क्षेत्र में यूरिया की कमी को लेकर विभागीय अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।
मीना ने कहा कि सभी समाजों ने उन्हें भरपूर समर्थन दिया। इसके कारण दौसा करीब 28 साल बात कांग्रेस को विधायक की सीट मिली है। उन्होंने कहा कि दौसा की जनता का यह अहसान कभी भूला नहीं पाएंगे। पपलाज माता, भौमिया बाबा, हनुमानजी व नीलकंठ बाबा से दौसा की जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरने की शक्ति देने की कामना भी मुरारीलाल ने की।
विधायक ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलटदोनों ही सम्मानीय नेता हैं, कुछ विरोधी लोगों में भ्रांतियां फैला रहे हैं। कार्यकर्ता ऐसे तत्वों से सावधान रहें। दौसा के विकास में कोई कमी नहीं रहेगी। वहीं बैठक के दौरान लोगों ने नवनिर्वाचित विधायक का स्वागत किया। एक दिव्यांगजन का विधायक ने स्वागत कर क्षेत्र के दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित करने का भरोसा दिया। इस दौरान जिला प्रवक्ता घनश्याम शर्मा, राकेश चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अवधेश शर्मा, अजय पटेल, रामधन सैनी, अब्दुल माजिद, अब्दुल मन्नान, बाबूलाल निर्झर, प्रधान डीसी बैरवा, महिला जिलाध्यक्ष रेणु कटारिया, पार्षद इन्द्र मीना, हंसराज गुर्जर, उमाशंकर बनियाना सहित सैकड़ों कार्यकर्ता थे।
कलक्टर व एसपी से मिले : इससे पूर्व विधायक ने भौमिया बाबा के दर्शन कर एसपी चूनाराम जाट व जिला कलक्टर नरेशकुमार शर्मा से मुलाकात की। जिला अस्पताल में अव्यवस्थाएं पेयजल, विद्युत आपूर्ति, खाद्य सामग्री वितरण पर चर्चा की। पुलिस अधीक्षक से मिलकर कानून व्यवस्था बनाए रखने, पुलिसकर्मियों के व्यवहार में सुधार लाने की बात कही। विधायक ने बताया कि गरीबों को परेशान करने की शिकायत मिल रही हैं।
अवस्थी राष्ट्रीय सचिव मनोनीत
महुवा ग्रामीण. राष्ट्रीय गौपुत्र सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौपुत्र सम्पत सिंह की अध्यक्षता में दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए अवधेश अवस्थी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राष्ट्रीय सचिव के पद पर मनोनीत किया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपनी नियुक्ति पर गौपुत्र सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौपुत्र संपत सिंह का आभार जताते हुए गौमाता की सेवा व राष्ट्र सेवा के लिए तत्पर रहने का संकल्प लिया। इस दौरान उनकी नियुक्ति पर कस्बेवासियों ने खुशी जताई। नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्षों व संयोजकों ने कहा कि गौपुत्र सेना देश के सबसे बड़े गौरक्षक व गौसेवी संगठन के रूप में पिछले एक दशक से ज्यादा समय से पूरे देश में कार्य कर रहा है। गौपुत्र सेना गौवंश के साथ-साथ समस्त प्राणियों व राष्ट्र की सेवा को समर्पित संगठन है।





No comments:
Post a Comment