बालोतरा.
नगर में शनि मंदिर से रीको चतुर्थ चरण तक बहुप्रतीक्षित बायपास मार्ग के अधूरे निर्माण पर बिगड़ी यातायात व्यवस्था से परेशान नगर व क्षेत्रवासी राहत को तरए गए हैं। आठ माह पूर्व प्रारंभ किया निर्माण कार्यअब तक पूरा नहीं होने व शहर से होकर वाहनों के गुजरने पर आवागमन को लेकर हर दिन लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। नगर परिषद के अधूरे कार्य को पूरा करवाने में रूचि नहीं लेने से आमजन में रोष है।
नगर व क्षेत्र में हर माह वाहनों की संख्या में होती बढ़ोतरी व इससे बढ़ते यातायात दबाब पर शहर की सड़कें छोटी हो रही है। इस पर भारी वाहनों के शहर से गुजरने पर आवागमन में आमजन को परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं हादसे होते हैं। यातायात के दबाब को कम कर व्यवस्था सुधारने को लेकर, नगर परिषद ने जोधपुर रोड शनि मंदिर-गांव जेरला से रीको चतुर्थ चरण तक बायपास निर्माण का निर्णय लिया था। लेकिन इसका कार्य पूरा नहीं हुआ है।
कई माह से अटका काम -जेरला-रीको चतुर्थ चरण तक करीब दो किलोमीटर दूरी में बायपास निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। जानकारी अनुसार अब तक 900 मीटर दूरी में इसका निर्माण किया गया है। शेष भाग में ग्रेवल सड़क बनाकर डामरीकरण नहीं किया गया है। कईमाह से अधूरे कार्य पर अभी भी भारी वाहन शहर से होकर गुजरते हंै। इस पर आवागमन को लेकर हर दिन हजारों जनों को परेशानी उठानी पड़ती है।
दिनभर रेलमपेल, जरूरी बायपास -बालोतरा में करीब आठ सौ वस्त्र कारखाने हैं। इनमें कामकाज को लेकर हर दिन इंचलकरणी, मालेगांव आदि से ग्रे कपड़ा व अन्य स्थानों से रंग-रसायन-कास्टिक आदि बालोतरा के ट्रांसपोर्ट गोदामों में पहुंचता है। तैयार माल ट्रांसपोर्ट से देश के कोने-कोने में पहुंचता है। बायपास के अभाव में भारी वाहन शहर से गुजरते हैं। लेकिन इस मार्ग के बनने पर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट गोदामों में माल की उतराई-भराई को लेकर भारी वाहन बायपास होकर जोधपुर अथवा मेगा हाइवे होते हुए गुजरेंगे। इससे शहर में यातायात दबाब कम होने से आमजन को आवागमन में अच्छी सुविधा मिलेगी।
जनता की जुबानी
शनि मंदिर-रीको चतुर्थ चरण बायपास मार्ग निर्माण बहुत जरूरी है। अधूरे कार्य पर शहर से भारी वाहन गुजरते हैं। इससे हादसे होते हैं। नगर परिषद तत्काल बायपास मार्ग बनाएं।
जसराज तापडिय़ा
आठ माह पूर्व शुरू हुआ बायपास मार्ग अब तक नहीं बनना सही नहीं है। नगर परिषद प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ट्रांसपोर्ट कारोबारियों व आमजन की सुविधा के लिए प्रशासन तुंरत इसका निर्माण करवाएं।
राकेश भण्डारी





No comments:
Post a Comment