प्रतापगढ़. यूं तो शहरवासियों को ग्रामीणों के मुकाबले ज्यादा जागरुक माना जाता है लेकिन विधानसभा चुनावों के तहत प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र में इसका उलट देखने को मिला। यहां प्रतापगढ़ शहर के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा मतदान हुआ। जो कहीं ना कहीं ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतंत्र के प्रति जागरुकता और शहरवासियों में उदासीनता को दर्शाता है।
कितने में से कितनों ने डाले वोट
प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाता 2 लाख 35 हजार 806 हैं। जिनमें से एक लाख 93 हजार 380 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रतापगढ़ शहर में कुल मतदाताओं की संख्या 31 हजार 808 है। इसके मुकाबले यहां केवल 22 हजार 160 मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 2 लाख 3 हजार 998 मतदाता हैं। जिनमें से एक लाख 71 हजार 220 मतदाताओं ने पोलिंग बूथों पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
गांवों में अपेक्षाकृत मतदान कठिन
ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या शहर से कहीं ज्यादा थी। वहीं बूथ भी अपेक्षाकृत काफी दूरी पर बने हुए थे। ऐसे में इतनी बड़ी संख्या का पोलिंग बूथों पर जाकर मतदान शहर के कम संख्या के मतदाताओं से मुश्किल था। लेकिन ग्रामीण मतदाताओं ने इतनी बड़ी संख्या होने के बावजूद लम्बी कतारों में लगकर मतदान किया। वहीं शहर में अधिकांश पोलिंग बूथों पर कतारें नहीं होने के बावजूद कम लोग मतदान के लिए पहुंचे।
........................................
कहां कितना मतदान
82.01 प्रतिशत कुल मतदान
69.67 प्रतिशत मतदान हुआ प्रतापगढ़ शहर में
83.93 प्रतिशत मतदान हुआ ग्रामीण क्षेत्रों में
..............................................
सबसे ज्यादा ग्रामीण, सबसे कम शहर में मतदान
प्रतापगढ़ विधानसभा में जिन मतदान केन्द्रों में सबसे ज्यादा मतदान हुआ वे सभी ग्रामीण क्षेत्रों के थे। वहीं जहां सबसे कम मतदान हुआ वे प्रतापगढ़ शहर के रहे। ग्रामीण क्षेत्र के पोलिंग बूथ 222 सातमहुड़ी में सबसे ज्यादा 96.39 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं पोलिंग बूथ 183 फरेड़ी में 92.95, पोलिंग बूथ 47 नाथूखेड़ी में 92.68, पोलिंग बूथ 230 पिपरोड़ी में 92.16, पोलिंग बूथ 260 मानपुराकला में 91.92 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं शहरी क्षेत्र के पोलिंग बूथ 83 बुरहानीबाग में सबसे कम 52.03 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं पोलिंग बूथ 85 भाटपुरा में 58.60, पोलिंग बूथ 78 सैफियाह में 58.85, पोलिंग बूथ 89 रघुनाथपुरा में 63.46 और पोलिंग बूथ 66 लुहारगली में 64.98 प्रतिशत मतदान हुआ।
................................





No comments:
Post a Comment