महुवा. महुवा ग्रामीण. महुवा विधायक ओमप्रकाश हुड़ला आए दिन अनूठे कारणों से चर्चा में बने हुए हैं। दो दिन पहले विधायक हुड़ला ने सब्जी मण्डी में ठेले पर बैठकर सब्जी बेच कर चौंकाया तो मंगलवार को मोची की दुकान पर जाकर दर्जनों लोगों के जूतों की पॉलिश की।
विधायक ने करीब दो घंटे तक सड़क पर बैठ कर जूतों की पॉलिश की। दर्जनों लोगों ने उनसे जूतों की पॉलिश भी कराई। इस दौरान ग्राहकों से मिली राशि को दुकानदार को दी गई।
इससे पूर्व सुबह भ्रमण के दौरान मंडावर रोड पर ऊंटगाड़ी चलाकर मकान की पट्टियों को भी ऊंटगाड़ी में रखवाकर मजदूरों को अपनेपन का अहसास कराया। विधायक ने बताया कि वे टिकट कटने के बाद भी मतदाताओं के सहयोग से विजयी हुए और उन्हें भाग्य विधाता मानते हुए आभार जताने का यह तरीका अपनाया है। उन्होंने कहा कि वे आम आदमी, गरीब मजदूर के साथ चौबीस घंटे खड़े हैं और उनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी है। इस दौरान मुकेश महंत, महेश सैनी, बिल्लू भाई, रामचरण गुप्ता, दामो साहू, महावीर सैनी, पवन अधाना, लवेश आदि मौजूद थे।
क्षतिग्रस्त कार के साथ कलक्ट्रेट आए
दौसा. महुवा के नवनिर्वाचित विधायक ओमप्रकाश हुड़ला चुनाव के दौरान हमले में क्षतिग्रस्त हुई कार के साथ मंगलवार शाम कलक्ट्रेट आए। विधायक ने पत्रकारों से कहा कि वे महुवा ही नहीं दौसा जिले में गुण्डागर्दी खत्म करने का प्रयास करेंगे। दौसा में पिछले कई वर्षों से कुछ लोगों ने आतंक का माहौल बना रखा है।
उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त कार के साथ यहां आकर दिखाना चाहते हैं कि महुवा में कितनी गुण्डागर्दी है। जिन्होंने जनप्रतिनिधि को ही नहीं बख्शा तो आम आदमी को क्या बख्शेंगे। हुड़ला पांवों में मौजे पहने हुए थे। उन्होंने बताया कि अब वे मार्च में अपनी बेटियों की शादी के बाद ही पांवों में जूते-चप्पल पहनेंगे। हुड़ला ने कहा कि वे आम लोगों के बीच जाकर बता रहे हैं कि नेताओं और जनता में कोई फर्क नहीं है। जनता में से ही नेता बनते हैं। उन्होंने कहा कि महुवा अस्पताल को ऐसा हाइटेक करेंगे कि यह अस्पताल देश के नामी अस्पतालों में शुमार हो।





No comments:
Post a Comment