खेत में पलटा अनियंत्रित ट्रैक्टर, मदद को नहीं आए लोग
बूढ़ादीत. क्षेत्र में जियाहेड़ी गांव के पास रविवार को संवेदनहीनता का दुखद नजारा देाने को मिला। एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया, फिर उसके बाद शुरू हुआ मानवता को शर्मसार करने वाला नजारा। दरअसल, जानकारी के अनुसार डोबरली निवासी भैरूलाल गोचर अपने साथी के साथ जियाहेड़ी गांव जा रहा था। इसी दौरान गांव के पास खराव मोड़ पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से पांच फीट नीचे खेत में जा पलटा। चालक मौके से फरार हो गया और भैरूलाल ट्रैक्टर के नीचे दबने से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोग तमाशबीन बने खड़े रहे लेकिन घायल की मदद को आगे नहीं आए। सूचना पर दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल को ट्रैक्टर के नीेचे से निकाल अस्पताल पहुंचाने के लिए लोगों से चारपहिया वाहन लाने की गुहार लगाई लेकिन कोई भी आगे नहीं आया। एम्बुलेंस पहुंचने में समय लगने के कारण गश्त पर गई पुलिस जीप को बुलाया। जीप करीब 20 मिनट बाद घटनास्थल पर पहुंची, तब जाकर घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
भिड़ी तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत
मोड़क. थाना क्षेत्र के कमलपुरा में रविवार शाम को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने से हुई भिड़ंत में दो युवक गम्भीर घायल हो गए। उन्हें पहले मोड़क और फिर वहां से झालावाड़ अस्पताल ले जाया गया। झालावाड़ में दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। जानकारी के अनुसार सुरेश ( 30) पुत्र जगदीश लोधा निवासी नयागांव सोहनपुरा अपने घर नयागांव की ओर जा रहा था। रास्ते में अमझार पुलिया के पास सामने से मोटरसाइकिल से आ रहे आरिफ (30) निवासी मंडाना से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस से दोनों को मोड़क अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झालावाड़ रैफर कर दिया। झालावाड़ जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मोड़क पुलिस ने शव झालावाड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं। पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा।





No comments:
Post a Comment