टैक्स एडवोकेट दम्पती से लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस ने शनिवार को कबीर कॉलोनी से एक युवक को पिस्टल सहित दबोचा। पुलिस को एक बार तो लगा कि शायद यही असली बदमाश है। पुलिस अधिकारी तत्काल युवक को गाड़ी बैठाकर कोतवाली थाने ले गए। वहां जब पूछताछ और पड़ताल की युवक के पास से बरामद पिस्टल एयर गन निकली। ये एयर गन युवक के दोस्त की थी जिससे वह बंदरों को भगाता है। पूछताछ के बाद पुलिस ने इस युवक को छोड़ दिया।
पुलिस उपाधीक्षक डॉ. प्रियंका रघुवंशी और कोतवाल जितेन्द्र सिंह सोलंकी ने स्पेशल टीम के साथ शनिवार सुबह कबीर कॉलोनी इलाके में डोर-टू-डोर छानबीन की। पुलिस टीम छानबीन करती कबीर कॉलोनी स्थित एक छात्रावास में पहुंची। वहां लडक़ों से पूछताछ की। जब पुलिस ने एक लडक़े को मोबाइल चैक किया तो उसमें एक युवक की पिस्टल सहित फोटो मिली। पुलिस ने इस लडक़े से फोटो में पिस्टल लेकर खड़े युवक के बारे में पूछा। छात्रावास वाले लडक़े ने बताया कि यह युवक भरतपुर क्षेत्र का रहने वाला है और कबीर कॉलोनी में किराये पर रहता है।
पुलिस ने तत्काल युवक के कमरे पर दबिश दी। पुलिस ने उक्त युवक को दबोचा उसके कमरे से पिस्टल बरामद की। ये देख पुलिस अधिकारियों को लगा बदमाश उनकी गिरफ्त में आ चुका है। पुलिस अधिकारी इस युवक को गाड़ी में बैठाकर थाने ले गए। वहां जब पड़ताल की तो युवक से बरामद पिस्टल एयर गन निकली और वह भी खराब थी। पूछताछ में इस युवक ने पुलिस को बताया कि यह एयर गन उसके दोस्त की है। इसे वह बंदरों को भगाने के काम में लेता है। कुछ देर की पूछताछ के बाद पुलिस ने इस युवक को छोड़ दिया।





No comments:
Post a Comment