Breaking News
recent

सरहद पर आज होगा चुनावी रण,दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर,मतदाता करेंगे फैसला किसमें कितना दम

जैसलमेर. जैसलमेर जिले की विधानसभा 132 एवं पोकरण विधानसभा 133 क्षेत्र के लिए मतदान के लिए सभी प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है। जैसलमेर विधानसभा में स्थित 358 मतदान केन्द्रों तथा पोकरण विधानसभा क्षेत्र में स्थित 258 मतदान केन्द्रों की स्थपना की जा चुकी है। शुक्रवार को सुबह 8 बजे शाम 5 बजे तक जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र के 2 लाख 25 हजार 652 और पोकरण विधानसभा क्षेत्र में कुल 1 लाख 94 हजार 962 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। जिले में कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एरिया मजिस्टे्रट अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में पुलिस, आरएसी, होमगार्ड, केन्द्रीय व पेरामिल्ट्री शस्त्रधारी बल को तैनात किया गया है। शुक्रवार को ठीक प्रात: 8 बजे मतदान प्रक्रिया आरम्भ कर दी जाएगी तथा नियत समय 5 बजे मतदान प्रक्रिया समाप्त कर दी जाएगी। मतदान समाप्ति अथवा 5 बजे से पूर्व मतदान केन्द्र के समक्ष खड़े मतदाताओं को पीठासीन अधिकारी की ओर से पंक्ति के अन्तिम मतदाता से आरम्भ करते हुए खुद के हस्ताक्षरित स्लीपें वितरित की जाएगी तथा इन पर्ची धारियों को 5 बजे के बाद भी मतदान करने का अवसर दिया जाएगा। 4,20,614 मतदाता जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान करेंगे।

दोनों विधानसभा सीटों के लिए कांटे का मुकाबला
सरहदी जैसलमेर जिले की जैसलमेर व पोकरण विधानसभा सीटों के लिए इस बार कांटे का मुकाबला है। जैसलमेर सीट के लिए कांग्रेस से रूपाराम मेघवाल व भाजपा से सांगसिंह भाटी चुनावी मैदान में है। इनके अलावा भारत वाहिनी पार्टी से वीरसिंह और निर्दलीय प्रत्याशी बहादुर खान व रेंवताराम चुनाव मैदान में है। इसी तरह प्रदेश की हॉट सीट में से एक पोकरण में कांग्रेस से सालेह मोहम्मद व भाजपा से स्वामी प्रतापपुरी आमने-सामने है। सालेह मोहम्मद सिंधी मुसलामानों के धर्मगुरू गाजी फकीर के बेटे है और तीसरी बार चुनाव मैदान में है। वहीं स्वामी प्रतापपुरी तारातरा मठ के महंत है। इनके अलावा बसपा से तुलछाराम और निर्दलीय प्रत्याशी पुखराज व परमाराम चुनाव मैदान में है।

मतदाताओं के लिए यह है जरुरी
-मतदान केन्द्रों में मतदाताओं के अतिरिक्त कोई भी व्यक्ति निर्वाचन आयोग अथवा अन्य वैध प्रवेश पत्र के बिना प्रवेश नहीं कर सकेगा।
-जिले के जिन मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र वितरित किए जा चुके है। वे मतदान के समय अपने साथ फोटो पहचान पत्र अवश्य साथ में लेकर आएंगे। -विशेष कारणों से यदि मतदाता फोटो पहचान पत्र नहीं लाता है तो उसे अपने पहचान सिद्ध करने के लिए फोटो वाली वोटर स्लीप, साथ लेकर आएंगे।
-विशेष परिस्थितियों में 12 दस्तावेजों मे से कोई 1 दस्तावेज प्रमाण के तौर पर प्रस्तुत कर अपनी पहचान सिद्व करनी होगी।

-मतदान केन्द्र में धूम्रपान नहीं किया जा सकेगा।
-मतदान केन्द्र पर नियुक्त कर्मचारी एवं अभिकर्ता के पास मतदान केन्द्र एवं उनसे 100 मीटर की परिधि में मोबाइल फोन, कोडलेस फोन, वायरलेस सेट आदि के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।
-इस बार पोलिंग बूथ पर ऐसे व्यक्ति को मतदान अभिकर्ता के रूप में नियुक्त जाएगा, जो उस बूथ का मतदाता हो और बउस पोलिंग बूथ की मतदाता सूची में उसका नाम हो।

मतदान से पहले होगा ‘दिखावटी मतदान’
सभी मतदान दलों को संबंधित मतदान केन्द्रों पर इवीएम मशीन, वीवीपेट से दिखावटी मतदान का प्रदर्शन करने को कहा गया है। सभी राजनैतिक दलों एवं अभ्यथिर्यो को मतदान दिन को सुबह 7 बजे तक अपने पोलिंग एजेन्ट को संबंधित मतदान केन्द्रों पर अनिवार्य रूप से भिजवाने की व्यवस्था करनी होगी।
- ओम कसेरा, जिला निर्वाचन अधिकारी, जैसलमेर

जैसलमेर विधानसभा -
-2,25,652 मतदाता जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में आज करेंगे मतदान
-1, 20, 506 पुरुष मतदाता करेंगे मताधिकार का उपयोग
-1,05,143 महिला व 3 अन्य मतदाता भी शामिल है कुल वोटर्स में
-358 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में

विधानसभा क्षेत्र पोकरण
-1, 94, 962 मतदाता पोकरण विधानसभा क्षेत्र में आज करेंगे मतदान
-1, 02, 908 पुरुष मतदाता करेंगे मताधिकार का उपयोग
-92,054 महिला मतदाता भी शामिल है कुल वोटर्स में
-258 मतदान केन्द्र मतदान के दिन करेंगे मताधिकार का उपयोग

दोनों विधानसभाओं का गणित
4, 20, 614 मतदाता जिले की दो विधानसभा क्षेत्रों में करेंगे मताधिकार का उपयोग
-2, 25, 652 कुल पुरुष मतदाता है मतदाताओं में शामिल
-1, 94, 962 महिला मतदाता शामिल है जिले के कुल वोटर्स
-616 मतदान केन्द्र कुल स्थापित किए गए हैं दोनों विधानसभा क्षेत्रों में

मतदान केंद्र में नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल
जैसलमेर. मतदान दिवस के दिन शुक्रवार को मतदान केन्द्र में अभिकर्ता एवं मतदाता मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ओम कसेरा ने बताया कि 7 दिसंबर को मतदान अभिकर्ता एवं मतदाता केंद्र में मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सम्बन्धित पीठासीन अधिकारी की होगी। उन्होंने बताया कि सेक्टर अधिकारियों को इसकी पालना करवाने के निर्देश दिए गए है। किसी भी मतदान केंद्र में मोबाइल पाए जाने पर संबंधित पीठासीन अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देषानुसार मतदान केन्द्र की 100 मीटर की परिधि के भीतर निर्वाचन ड्यूटी एवं कानून व्यवस्था में लगे अधिकृत कार्मिकों के अलावा अन्य किसी भी व्यक्ति के लिए मोबाइल फोन, कोडलेंस फोन, वायरलेस सेट आदि ले जाने और उनके उपयोग पूर्णत: निषेध होगा।

सुरक्षा पहरे में क्रिटिकल मतदान केन्द्र
-विधानसभा चुनाव के लिए विधानसभा क्षेत्र जैसलमेर व पोकरण विधानसभा क्षेत्र के लिए क्रिटिकल मतदान केन्द्रों को चिह्निकरण किया जा चुका है।
-इन केन्द्रों पर निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
-क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर केन्द्रीय सुरक्षा बल के शस्त्रधारी सुरक्षा कर्मियों को लगाया गया है, वहीं केन्द्र सरकार के कार्मिक जो माइक्रो आब्जर्वर के रूप में नियुक्त किए गए हैं।
-यह माइक्रो आब्जर्वर मतदान दलों की कार्य प्रणाली का पर्यवेक्षण करेंगे, जिसकी रिर्पोटिंग वे चुनाव पर्यवेक्षक को करेंगे।
-इन केन्द्रों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस मोबाइल को भी हिदायत दी गई है कि वें पूर्ण चौकसी बरतेगें।
-इसके साथ ही इन केन्द्रों से संबंधित एरिया, सेक्टर मजिस्ट्रेट भी निरंतर भ्रमण करते रहेंगे।

दिव्यांग मतदाताओं को मतदान कराने के लिए होगी वाहन की व्यवस्था
जैसलमेर. मतदान के दिवस दिव्यांग मतदाताओं को उनके घर से मतदान केन्द्र तक लाने के लिए वाहन की व्यवस्था की गई है। दिव्यांगजनों को मतदान कराने के लिए वाहन की सुविधा रहेगी और संबंधित मतदान केन्द्र के बूथ लेवल अधिकारी उन दिव्यांगजनों को वाहन से मतदान केन्द्र तक लाना व ले जाना सुनिश्चित करेंगे। जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में मतदान केन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामगढ़, खुईयाला, सियाम्बर, सोनू, खींया, ताडाना, बडोडा गांव, चांधन, सिपला, बरमसर, म्याजलार, देवा, बइया, फतेहगढ़, झिनझिनयाली, लखा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय चौधरियां, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जैसलमेर नम्बर 3, राजकीय माध्यमिक विद्यालय जानरा, लक्ष्मणसर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय मेहरेरी, गुंजनगढ, पारू भील की ढाणी (मांलिगडा), जहां दिव्यांग मतदाता हैख् उनको वाहन की सुविधा मत देने के लिए उपलब्ध रहेगी। इसी प्रकार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पोकरण में मतदान केन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सत्याया, आसकन्द्रा, दिधू, लोहारकी प्रथम, रामदेवरा द्वितीय, गोमट द्वितीय, उजलां, लवां, केलावा, नेडान, रातडिया, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय एका, डिडाणियां, थाट, बिसनसिंह की ढाणी सांकडा, खेतासर, माधोपुरा, जसवन्तपुरा, जैमला, खामथल, बलाड, पदमपुरा, मदुरासर के साथ ही टावरीवाला में दिव्यांग मतदाताओं को मतदान कराने के लिए वाहन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

वैकल्पिक दस्तावेज भी मान्य
जैसलमेर. मतदान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र के साथ 12 अन्य वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों को भी मान्यता दी है। मतदाता सूची में पंजीकृत मतदाता को मतदान से पहले अपनी पहचान स्थापित करने के लिए सामान्यत: निर्वाचन आयोग की ओर से जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र दिखाने की बाध्यता होती है। यदि मतदाता किसी कारणवश यह पहचान पत्र नहीं दिखा पाता है तो उसे वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेज के रूप में मान्य दस्तावेजों में से किसी एक को प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

एक-एक महिला प्रबंधित मतदान केन्द्र
जैसलमेर. भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पहली बार नवाचार के रूप में महिला आधारित मतदान केन्द्र की व्यवस्था की गई है। जिले के पोकरण एवं जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक महिला आधारित मतदान केन्द्र है। महिला मतदान केन्द्रों पर पीठासीन अधिकारी के साथ ही अन्य मतदान अधिकारी महिला कार्मिक होगी। इन मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के लिए भी महिला पुलिस कर्मी नियुक्त होंगे। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र जैसलमेर 132 में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कक्षा 10 का कमरा भाग संख्या 141 तथा विधानसभा क्षेत्र पोकरण 133 में मतदान केन्द्र संख्या 85 राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पूर्वी भाग पोकरण महिला कार्मिक मतदान केन्द्र होंगे।

यह होंगे आदर्श मतदान केन्द्र
दोनों विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक आदर्श मतदान केन्द्र भी स्थापित किया गया है। विधानसभा क्षेत्र जैसलमेर 132 में भाग संख्या 150 अमर शहीद सागरमल गोपा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जैसलमेर तथा विधानसभा क्षेत्र पोकरण 133 में बूथ संख्या 99 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लंवा दक्षिणी भाग आदर्श मतदान केन्द्र होगा।

जिले में 55 मतदान केन्द्र पर होगी वेब कास्टिंग
जैसलमेर. जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 55 मतदान केन्द्रों पर लाइव वेब कास्टिंग की सुविधा रहेगी। जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में 39 मतदान केन्द्रों पर वेब कास्टिंग होगी, जिसमें मतदान केन्द्र शहीद रमणलाल मेघवाल राजकीय प्राथमिक विद्यालय तनोटवास रामगढ, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय तिबनसर, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कुछडी में वेब कास्टिंग की सुविधा रहेगी। मतदान केन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक व राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय पूनमनगर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुल्ताना, पिथला, खींवसर, मोहनगढ़, चांधन, भागू का गांव, सोढाकोर, बडोडा गांव, सत्तों, देवीकोट तथा फतेहगढ, राजकीय माध्यमिक विद्यालय मांगलियावास, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय लखां, सांखला, सांवला, करमो की ढाणी, जांवध जूनी, आषायच, आकल, अमरसागर(संस्कृत उप्रावि), दूजासर, बरणा, गेराजा, छींपासरिया, राजकीय प्राथमिक विद्यालय छत्रैल उत्तरी, तुर्के की बस्ती, रोजाणियों की बस्ती, लूणों की बस्ती, पीथोडाई, डिगडी, प्रतापसिंह की ढाणी (भीमसर) तथा भोपा मतदान केन्द्रों पर लाईव वेब कास्टिंग होगी। मतदान केन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अवाय, आसकन्द्रा, छायण, सादा, भादरिया, रामदेवरा, पोकरण (पूर्वी भाग), बीलिया पोकरण, चौक तथा सनावडा, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जोगियों का धोरा नोख, भदडिय़ा, कुम्हारों का वास पोकरण, राजकीय प्राथमिक विद्यालय सैलवी (गोमट), विरमदेवरा में लाइव वेब कास्टिंग होगी।

कॉलेज में काउंटरों में संग्रहित रहेगी चुनाव सामग्री
जैसलमेर. मतदान कराने के पष्चात मतदान दलों की ओर से मतदान सामग्री जमा कराने के लिए एसबीके राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जैसलमेर प्रशिक्षण स्थल पर 7 काउंटरों की स्थापना की गई है। काउंटर संख्या 1 एवं उसके चार उप काउंटर्स पर पोकरण विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या 1 से 258 तक के लिए इवीएम तथा अन्य सामग्री को जमा किया जाएगा, जिसके प्रभारी तहसीलदार व नायब तहसीलदार पोकरण होंगे। इसी प्रकार जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या 1 से 358 के लिए सात उपकाउंटर होंगे और इन पर इवीएम तथा अन्य सामग्री का जमा की जाएगी। इनके प्रभारी तहसीलदार व नायब तहसीलदार जैसलमेर होंगे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.