लाठी. क्षेत्र के धोलिया गांव के पास राज्यपक्षी गोडावण के पंखे मिलने की सूचना से सनसनी फैल गई। वन्यजीवप्रेमियों की ओर से दावा किया जा रहा है कि मृत पक्षी के बड़ी संख्या में मिले पंख गोडावण के है। जबकि वन विभाग की ओर से पंखों की जांच की जा रही है कि ये पंख गोडावण के है अथवा किसी अन्य पक्षी के। हालांकि सूचना पर वन विभाग वन्यजीव की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गौरतलब है कि राज्य पक्षी गोडावण की संख्या निरंतर घटती जा रही है। ऐसे में जंगल में गोडावण के पंख मिलना अथवा गोडावण पक्षी की मौत हो जाना वन विभाग वन्यजीव के लिए चिंता का विषय है। धोलिया गांव के पास गुरुवार को सुबह अखिल भारतीय जीवरक्षा विश्रोई सभा के तहसील संयोजक राधेश्याम पेमाणी सहित वन्यजीवप्रेमी गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें धोलिया गांव के पास हाईटेंशन विद्युत पोल के नीचे राज्यपक्षी गोडावण के पंखे होने की सूचना मिली। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पंखों को एकत्र किया। उनकी सूचना पर वन विभाग वन्यजीव के क्षेत्रीय वन अधिकारी पूरणसिंह पोकरण, वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी धीराराम मेघवाल लाठी अपने कार्मिकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने यहां बिखरे हुए पंखों को एकत्र किया और मामले की जांच शुरू की। गौरतलब है कि धोलिया, खेतोलाई, लाठी व पोकरण फिल्ड फायरिंग रेंज के आसपास क्षेत्र में राज्यपक्षी गोडावण का डेरा है। वे रात्रि में जब उड़ान भरते है, तो खेतोलाई, धोलिया के पास हाईटेंशन लाइन से टकरा जाने से उनकी मौत हो जाती है। पूर्व में भी कई गोडावण की करंट से मौत हो चुकी है।
कर रहे जांच
धोलिया गांव के पास वनक्षेत्र में एक पक्षी के पंख मिले है। जिन्हें पोकरण कार्यालय लाया गया है। जिसकी जांच की जा रही है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूरणसिंह मेड़तिया, क्षेत्रीय वन अधिकारी वन्यजीव वन विभाग, पोकरण।





No comments:
Post a Comment