दौसा ग्रामीण. अब आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आने वाले नन्हे-मुन्ने बालकों एवं गर्भवती महिलाओं को भी समुचित पोषण के लिए दूध मिलेगा। इससे जिले में इन केन्द्रों नामांकित करीब 90 हजार महिलाओं एवं बालक लाभान्वित हो सकेंगे। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मिल्क पाउडर की सप्लाई शुरू की गई है।
राज्य सरकार की ओर से वर्ष 2018 में सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत 8वीं कक्षा तक के बालकों को उचित पोषण के उद्देश्य से दूध वितरण की योजना शुरू की गई थी। ऐसे में आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आने वाले 6 वर्ष तक काफी संख्या में कुपोषित बालकों के मद्देनजर को भी दूध वितरण की योजना बनाई गई। इस पर विभाग की ओर से विधानसभा चुनाव से पहले इन केन्द्रों में आने वाले बालकों का सर्वे कर दूध की मांग का आंकलन किया गया था। इसके आधार पर निदेशालय स्तर से गत दिनों मिल्क पाउडर की सप्लाई शुरू की गई है। ऐसे में इन केन्द्रों पर आने वाले हजारों कुपोषित बालकों को समुचित पोषण मिल सकेगा।
खास बात यह है कि इन केन्द्रों पर 6 वर्ष तक के बालक आते हैं। ऐसे में बाजार से दूध लाने एवं वितरण में होने वाली परेशानी के मद्देनजर विभाग की ओर से सरकारी डेयरी के माध्यम से दूध पाउडर की सप्लाई करना सुनिश्चित किया गया है। ऐसे में ये पैकेट इनके परिजनों को दिए जाएंगे। इससे वे पाउडर का दूध बनाकर बालकों को पिला सकेंगे।
यह मिलेगी मात्रा
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सप्ताह में 3 दिन दूध देने की योजना है। इसके लिए प्रति बालक 15 ग्राम एवं गर्भवती महिला को 19 ग्राम प्रतिदिन के हिसाब से मिल्क पाउडर मिलेगा। इसके लिए निदेशालय स्तर से प्रत्येक दो माह में सप्लाई आएगी। इसके बाद पाउडर पैकेट वितरण किए जाएंगे।
फैक्ट फाइल
1354-आंगनबाड़ी केन्द्र
71294-कुल बालक
16629-कुपोषित बालक
21763-गर्भवती महिलाएं
(मार्च 2018 के अनुसार)
मिलेगा लाभ
विभाग की ओर से आंगनबाडी केन्द्रों पर आने वाले बालकों, गर्भवती महिलाओं को दूध की व्यवस्था की गई है। इससे इन्हें उचित पोषण मिल सकेगा।
ओमप्रकाश वशिष्ठ, उपनिदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग, दौसा
वितरण शुरू कर दिया
आंगनबाडी केन्द्रों पर निदेशालय स्तर से दूध पाउडर के पैकेट की सप्लाई शुरू की गई है। इसके अनुसार प्रति बालक 15 एवं गर्भवती महिला को 19 ग्राम सप्ताह में तीन दिन के लिए मिल्क पाउडर देय है। ऐसे में आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पाउडर के पैकेट सप्लाई करना शुरू कर दिया है।
सरोज मीना, सीडीपीओ, दौसा





No comments:
Post a Comment