Breaking News
recent

पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने मारी बाजी,शहर से आगे रहे गाँव,जानिए पूरी खबर

जैसलमेर.विधानसभा चुनाव में राजस्थान भर में सर्वाधिक मतदान के लिए चर्चित हुए जैसलमेर जिले में इस बार दोनों विधानसभा क्षेत्रों में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने मताधिकार का प्रयोग करने में बाजी मारी है। इसी तरह से जिले के जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में 2 और पोकरण का 1 मतदान केन्द्र ऐसा रहा, जहां 99 फीसदी से ज्यादा मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस सबसे बड़े उत्सव में भागीदारी निभाई। उधर, जैसलमेर शहर स्थित इगांनप कॉलोनी में स्थापित मतदान केन्द्र का नाम सबसे कम मतदान वाली फेहरिस्त में सबसे ऊपर है। यह भी दिलचस्प तथ्य है कि साक्षरता के लिहाज से कहीं आगे जैसलमेर व पोकरण शहरों में मतदान ग्रामीणों क्षेत्रों के मुकाबले कमतर रहा।
बढ़ गया मतदान प्रतिशत
दूर-दराज के क्षेत्रों में मतदान केंद्र स्थापित होने के कारण जिले में हुए कुल मतदान का आंकड़ा मामूली रूप में बदल गया। ताजा तरीन आंकड़ों के अनुसार गत शुक्रवार को जिले में विधानसभा चुनाव के लिए 84.66 प्रतिशत मतदान हुआ, वहीं विधानसभा क्षेत्र जैसलमेर के 358 मतदान केन्द्रों पर 82.27 तथा पोकरण में 258 मतदान केन्द्रों पर 87.43 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया गया। दोनों क्षेत्रों में 4 लाख 20 हजार 614 मतदाताओं में से 3 लाख 56 हजार 91 मतदाताओं ने उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ओम कसेरा ने बताया कि जैसलमेर के 2 लाख 25 हजार 652 मतदाताओं में से 1 लाख 85 हजार 634 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 98 हजार 64 पुरुष व 87 हजार 568 महिला मतदाताओं ने मत डाले। इस प्रकार विधानसभा जैसलमेर में 81.38 प्रतिशत पुरुष एवं 83.28 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। पोकरण के 1 लाख 94 हजार 962 में से 1 लाख 70 हजार 457 मतदाताओं ने मतदान किया गया। इनमें 88 हजार 680 पुरुष एवं 81 हजार 777 महिला मतदाता शामिल है। पोकरण क्षेत्र में 86.17 प्रतिशत पुरुष व 88.84 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
पीछे छूट गए शहर
दोनों विधानसभा क्षेत्रों में दूर-दराज के इलाकों में बसने वाले ग्रामीण मतदाताओं ने शहर की तुलना में मतदान के प्रति कहीं अधिक प्रतिबद्धता दिखाई। जैसलमेर शहरी क्षेत्र में कुल 32 हजार 332 मतदाताओं में से 23 हजार 108 ने मताधिकार का प्रयोग किया गया। इसमें 12 हजार 281 पुरुष एवं 10 हजार 825 महिला मतदाता है। इस प्रकार शहर में कुल 71.47 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया गया। पोकरण शहरी क्षेत्र में 14 हजार 575 में से 12 हजार 224 मतदाताओं ने मत डाले। इसमें 6 हजार 463 पुरुष एवं 5761 महिला मतदाताओं ने मत डाले। इस पोकरण शहरी क्षेत्र में 83.87 प्रतिशत मतदाताओंं ने मतदान किया।
यहां सबसे ज्यादा ‘वोटवीर’
विधानसभा क्षेत्र जैसलमेर में सर्वाधिक 99.28 प्रतिशत मतदान राजकीय प्राथमिक विद्यालय लूणों की बस्ती मतदान केन्द्र संख्या 189 पर किया गया। क्षेत्र के बूथ नं. 220 राप्रावि कोरिया में 9.04 तथा पोकरण विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 99.21 प्रतिशत मतदान राजकीय प्राथमिक विद्यालय सेलवी, गोमट मतदान केन्द्र संख्या 71 पर हुआ है। जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में शहर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय इगांनप मतदान केन्द्र संख्या 138 पर सबसे कम मतदान 50.56 प्रतिशत रहा, वहीं पोकरण विधानसभा क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालय खेताणियों की ढाणी मतदान केन्द्र संख्या 190 पर 64.58 प्रतिशत सबसे कम मतदान रहा। जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र के 106 और पोकरण क्षेत्र के 99 मतदान केन्द्रों पर 90 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.