-हत्या के आरोप में दो युवक गिरफ्तार
प्रतापगढ़. मोखमपुरा. निकटवर्ती ग्राम पंचायत डाबड़ा के नाथूखेड़ी गांव के एक बालक की उसके ही गांव के दो युवकों ने रुपयों के लालच में हत्या कर दी। हत्या के बाद उन्होंने बालक के शव को गांव से कुछ दूर एक कुएं में फेंक दिया। इसे गुरुवार शाम को निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस ने बताया कि नाथूखेड़ी गांव का रहने वाला लोकेश (15)पुत्र राधेश्याम गायरी बुधवार शाम करीब 5 बजे से लापता था। रात तक उसके घर वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछा, लेकिन वह नहीं मिला। परिजनों ने बताया कि वह बालक की तलाश कर ही रहे थे कि बालक के ही फोन से उनके पास फोन आया। इसमें 20 लाख रुपए की मांग की गई नहीं तो लोकेश को जान से मारने की धमकी दी गई। इस पर परिजनों ने पुलिस में इसकी शिकायत की। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। बालक को जल्द से जल्द तलाशने को लेकर परिजन और ग्रामीण सुबह थाने पहुंचे। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिवराज मीणा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव भी वहां पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को जल्द से जल्द बालक को तलाशने का आश्वासन दिया। बालक की तलाशी और तेज की गई। मोबाइल की आखिरी लोकेशन ट्रेस सहित अन्य प्रयास किए गए तो गांव के ही दो लडक़ों दीपक पुत्र गोपाल और सोनू पुत्र बाबूलाल पर शक हुआ। इस पर पुलिस ने इन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने लोकेश की हत्या करना स्वीकार किया। प्रारम्भिक पूछताछ में बताया कि उन्हें रुपयों की जरुरत थी। इसके लिए उन्होंने लोकेश को बुलाया और गांव से दूर ले गए। वहां पर लोकेश को इन पर शक हुआ और वह भागने लगा तो उन्होंने उसे पकड़ लिया। बाद में खुद के पकड़े जाने के डर से गला दबाकर लोकेश की हत्या कर दी और शव को एक कुएं में फैंक दिया। पकड़े गए दोनों युवक मजदूरी का काम करते हैं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
लोकेश की हत्या का पता चलने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। लोकेश के दो बड़े भाई और भी हैं और अपने घर में सबसे छोटा और लाड़ला था। उसकी मौत पर गांव में भी मातम छा गया।





No comments:
Post a Comment