Breaking News
recent

चौराहे पर एसआई से धक्का-मुक्की

चौराहे पर एसआई से धक्का-मुक्की
-युवक को टोकने पर बढ़ा विवाद
-निजी कार से गश्त कर रहे थे कोतवाली थाने के एसआई
धौलपुर. निजी कार से गश्त के दौरान कोतवाली थाने के एक उप निरीक्षक द्वारा भामतीपुरा मोहल्ले में कुछ युवकों पर दबंगई दिखाने का मामला सामने आया है। इस दौरान युवक के अन्य साथियों ने उप निरीक्षक को जगन चौराहे पर घेर लिया और कार से बाहर निकाल लिया। साथ ही जमा हुए युवकों ने उसके साथ अभद्रता करना शुरू कर दिया। हालांकि उपनिरीक्षक काफी देर उनको अपना परिचय देता रहा, लेकिन युवक किसी बात को सुनने को तैयार नहीं हुए और एसआई से धक्का मुक्की तक कर डाली। रविवार रात करीब दस बजे की घटना होने के बावजूद लोगोंं का जमावड़ा लग गया। बाद में पुलिस नियंत्रण कक्ष में फोन करने पर कोतवाली थाने की पुलिस मौके पहुंची, तब जाकर उपनिरीक्षक को ले जाया गया। इसके बाद आरोपित युवक फरार हो गए। वहीं, घटना स्थल के पास सोमवार सुबह एसआई पर शराब के नशे में धुत्त होने की लोग चर्चाएं करते हुए नजर आए। ईधर, मामले को लेकर पुलिस थाने पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगामी कार्रवाई की जाने की बात सामने आ रही है।
कोतवाली थाने के उपनिरीक्षक हीरालाल ने बताया कि उसकी सागरपाड़ा में नाकेबंदी में ड्यूटी लगाई गई थी। वह नाकाबंदी करने के बाद निजी गाड़ी से एक साथ ही कांस्टेबल को लेकर भामतीपुरा होकर गश्त करते हुए आ रहे थे। इस दौरान भामतीपुरा में एक युवक रास्ते पर खड़ा मिला, उससे पूछताछ की तो उसने पहले तो ना-नुकुर की, बाद में बताया कि वह दूध लेने जा रहा है। इस पर उससे कहा कि दूध लेने जा रहा है तो बाजार की तरफ जाओ, यहां क्यों खड़े हुए हो। इस पर कुछ दूरी पर आगे बढ़ा, लेकिन बाद में वापस लौटकर पीछे की साइड भाग गया। इस पर वह तथा साथी कांस्टेबल ने उसका पीछा किया तो वह नहीं मिला। बाद में वे कार से जगन चौराहे पर आ गए, वहां पर एक दो युवकों ने बाइक आड़ी लगाई हुई थी। उनसे हटने को कहा तो वे चले गए। इतने में ही भामतीपुरा में मिला युवक तथा उसके साथी आ गए और कार का शीशा थपथपाने लगे। उन्होंने शीशा खोला तो उलझने लग गए। बाद में वह बाहर आया तो अन्य युवक भी एकत्रित हो गए। उनके हाथों में हॉकी भी थी। इस पर उन्होंने अपना परिचय दिया, लेकिन युवकों ने शराब पी रखी थी, वे उनकी बात तो सुनना ही नहीं चाह रहे थे और उल्टे उन पर ही दबाव बनाने लगे और शराब पीए होने का आरोप लगाने लगे। इस दौरान कुछ युवकों ने पीछे से धक्कामुक्की भी कर दी। करीब पन्द्रह मिनट तक चले घटनाक्रम के दौरान नियंत्रण कक्ष में सूचना की। इस पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपित फरार हो गए। हीरालाल ने बताया कि अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया है।
पुलिस पहुंची तब निकल सके एसआई
जगन चौराहे पर एसआई से अभद्रता की सूचना कोतवाली थाना पुलिस मय जाप्ता के मौके पर पहुंची, इस दौरान मौके पर लगी भी तितर-बितर हो गई। पुलिस ने एसआई को सुरक्षित यहां से थाने के लिए रवाना किया। इस दौरान पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने भी आई और आरोपितों को चिन्हित करने का प्रयास किया। लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी के गिरफ्तार नहीं होने की जानकारी मिली है।
घटना का विडियो वायरल
एसआई से अभद्रता की घटना का विडियो शहर में जगह-जगह वायरल हो गया। इस विडियो के आधार पर पुलिस आरोपितों को चिन्हित करने का प्रयास भी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े आरोपितों को जल्द से जल्द चिन्हित कर लिया जाएंगा।
रात की घटना पर दिनभर चर्चाओं बाजार गर्म
रविवार रात को एसआई से हुई अभद्रता को लेकर शहरभर में सोमवार सुबह चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। इस दौरान घटना स्थल के आसपास के लोगों से मामले पर जानकारी जुटाई गई तो उनका कहना था कि रात करीब पौने दस बजे शराब के नशे में धुत्त होकर कार में सवार दो जने आए और स्वयं को पुलिस वाला बताते हुए बाजार बंद करने की बात कहने लेंगे। इसे लेकर उनका कुछ लोगों से झगड़ा हो गया। कुछ ही देर मेें आपसी कहासुनी के बाद मामला धक्का मुक्की तक पहुंच गया। अभद्रता करने वालों के बारे में जब जानकारी जुटाई गई तो किसी भी प्रकार की कोईभी जानकारी स्थानीय लोगों नहीं दी गई।
हाल ही पूरा हुआ है प्राबेशन पीरियड
एसआई हीरालाल हाल ही सब इंस्पेक्टर बने हैं। उनका दो वर्ष का प्राबेशन दो माह पूर्व ही पूरा हुआ है। वे हाल में कोतवाली थाने पर तैनात है। इधर, कोतवाली थाना प्रभारी रामकेश मीणा ने बताया कि आरोपितों की पहचान कर चिह्नित किया जा रहा है। कुछ को पहचान लिया गया है, जबकि अन्य की पहचान जारी है। आरोपितों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.