Breaking News
recent

गांवों के सरकारी अस्पतालों में दवाइयों का टोटा

सवाईमाधोपुर. मुफ्त उपचार की आस में सरकारी अस्पतालों में आने पर मरीजों का दर्द और बढ़ जाता है। अब तक चिकित्सकों व अन्य उपचार सुविधाओं की कमी झेल रहे अस्पतालों में दवाइयां भी पूरी नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे ही हालात गांव-कस्बों में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के बने है, जहां रोगियों को पर्याप्त मात्रा में दवाइयां उपलब्ध नहीं हो रही है। जिले के शिवाड़ सहित आस-पास के आधे दर्जन गांवों में ऐसे ही स्थिति बनी है। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर लम्बे समय से पर्याप्त मात्रा में सर्दी, जुकाम, बुखार व खांसी जैसी सामान्य बीमारियों तक की दवाइयां नहीं है। इन दिनों मौसमी बीमारियों से पीडि़त रोगी दवाओं की कमी का दंश झेल रही है। कस्बे का सीएचसी केवल नाम के लिए ही क्रमोन्नत हुआ है। यहां चिकित्सकों का अभाव, दवाइयों का टोटा, चिकित्सकों के नियमित नहीं आने की समस्या बनी है। इतना होने के बाद भी चिकित्सा विभाग आंखे मूंदे बैठा है।


इसलिए बिगड़ रहा ढर्रा
हॉस्पिटल और चिकित्सा विभाग के जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों की लापरवाही और अनदेखी के जिले में दवा वितरण सप्लाई का ढर्रा बिगड़ता जा रहा है। दवाओं के भण्डार का सही प्रबंधन नहीं होने का ही नतीजा है कि गांवों के अस्पतालों में दवाइयां पूरी नहीं हैं।


मच्छरों का प्रकोप, नहीं हो रही फोगिंग
शिवाड़ के सीएचसी में मच्छरों के प्रकोप के चलते डेंगू, मलेरिया से पीडि़त रोगियों की संख्या बढ़ रही है। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर डेंगू की जांच के नाम पर कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। पिछले दिनों डेंगू से पीडि़त कई मरीज अस्पताल पहुंचे, लेकिन उनको इलाज नहीं मिल रहा है। ऐसे में पीडि़त जयपुर, टोंक आदि शहरों में उपचार करवा रहे है। इसके बावजूद चिकित्सा महकमा मच्छरजनित क्षेत्रों में फोगिंग नहीं करवा रहा है।


बाजार की लिख रहे दवाइयां
शिवाड़ के राजकीय सामुदायिक अस्पताल में सर्दी,जुकाम, बुखार व खांसी की दवाइयां का टोटा बना है। यहां चिकित्सक बाजार की दवाइयां लिख रहे हैं। ऐसे में मजबूर लोग बाजार से खांसी व अन्य दवाइयां महंगे दामों पर खरीद रहे हैं। इधर, हर बार रोगियों व उनके परिजनों के पूछने पर दवाइयां आगे से नहीं आने का बहाना बना रहे है, जबकि जिला मुख्यालय औषधि भण्डार में सभी दवाइयां उपलब्ध हैं।


खांसी की नहीं मिल रही दवाइयां
एक और जिला मुख्यालय पर सीएमएचओ कार्यालय में औषधि भण्डार में 630 प्रकार की दवाइयां रखी हैं, जबकि इनमें खांसी की दवाइयां जिला अस्पताल से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में भी नहीं मिल रही है। यही वजह है कि औषधि भण्डार से दवाइयों का वितरण केवल सवाईमाधोपुर के जिला अस्पताल एवं आस-पास के क्षेत्रों में ही हो रहा है, जबकि अन्य गांवों में दवाईयां नहीं पहुंच रही हैं।


सीएमएचओ कार्यालय औषधि भण्डार में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां उपलब्ध है। शिवाड़ सहित आस-पास के गांवों में सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की कमी है, तो इसकी जानकारी लेकर दवाइयां उपलब्ध कराएंगे। चिकित्सकों को भी पाबंद किया जाएगा।
डॉ.तेजराम मीना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सवाईमाधोपुर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.