नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी 7 दिसंबर को रथयात्रा निकालने वाली थी। लेकिन ममता सरकार और कलकत्ता हाईकोर्ट ने सुरक्षा का हवाला देते हुए बीजेपी को रथयात्रा निकालने से मना कर दिया था। लेकिन अब बीजेपी की पश्चिम बंगाल इकाई इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने जा रही है। रविवार को बीजेपी की पश्चिम बंगाल इकाई ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में प्रस्तावित रथयात्रा कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगने के लिए वह सुप्रीम कोर्ट के पास जाएंगे।
सुप्रीम कोर्ट जाएगी बीजेपी
आपको बता दें कि इस मामले पर उच्च न्यायालय के एकल न्यायाधीश के फैसले पर कलकत्ता उच्च न्यायालय की डिवीजन बेंच ने रोक लगा दी है। लेकिन डबल बेंच ने मामला फिर से सिंगल बेंच को भेज दिया है। वहीं, इस मामले में पश्चिम बंगाल भाजपा इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने बताया कि पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट जाने का निर्णय किया है। हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और हम अंत तक लडेंगे। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार की पूरी मंशा है कि हमारी रथयात्रा नहीं हो पाए।’ बता दें कि अभी उन्होंने इस बात का खुलासा नहीं किया है कि वे कब सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।
यह भी पढ़ें-नाइजीरिया में बंदूकधारियों के हमले में 17 लोगों की मौत
रथयात्रा पर लगा दी थी रोक
गौरतलब है कि पिछले दिनों पश्चिम बंगाल में बीजेपी की रथयात्रा निकलनी थी। लेकिन पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बीजेपी की रथयात्रा पर यह कहते हुए रोक लगा दिया था कि इससे सांप्रदायिक हिंसा फैलने का डर है। ममता सरकार का कहना था कि भाजपा रथयात्रा के माध्यम से राज्य में अशांति फैलाने का काम कर रही है, जिसके विरोध में बीजेपी ने कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। लेकिन कलकत्ता की एकल पीठ ने भी रथयात्रा को मंजूरी देने से मना कर दिया था।
Read the Latest India news hindi on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले India news पत्रिका डॉट कॉम पर.





No comments:
Post a Comment