सिंदरू के समीप केम्पर जीप को ट्रेलर ने मारी टक्कर, दो की मौत
सांडेराव. हाइवे पर सिंदरू के निकट शुक्रवार देर शाम को तेज गति से आ रहे ट्रेलर चालक ने आगे चल रही केम्पर जीप को टक्कर मार दी। हादसे में केम्पर में सवार दो जनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर छोड़ चालक फरार हो गया। सांडेराव थानाप्रभारी सीमा जाखड़ ने बताया कि मामले में जोधपुर के बोरूंदा निवासी वासुदेव (50) पुत्र पारसराम वैष्णव व गढ़सूर्या बोरूंदा निवासी चेनाराम (35) पुत्र किसनाराम जाट केम्पर जीप में पम्प सेट लेकर अहमदाबाद जा रहे थे। सिंदरू के पास ट्रेलर चालक ने केम्पर को पीछे से टक्कर मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कैम्पर में फंसे दोनों शवों को निकाला। शनिवार को पोस्टमार्टम करवा मृतकों के शव परिजनों को सौंपे। पुलिस ने बोरूंदा निवासी दिग्विजयसिंह पुत्र उम्मेदसिंह जाट की रिपोर्ट पर ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।
हादसे में बाइक सवार की मौत
मारवाड़ जंक्शन . चिरपटिया रोड पर शुक्रवार देर रात को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। एएसआइ चुन्नीलाल मेघवाल ने बताया कि बोमादड़ा निवासी प्रकाश बावरी (30) पुत्र मूलाराम बावरी अपने बहनोई सुखराम पुत्र शंकरलाल के साथ मारवाड़ जंकशन से चिरपटिया जा रहा था। सामने से आ रहे अज्ञात वाहन चालक ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में प्रकाश बावरी गंभीर घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय बीच रास्ते में मौत हो गई।
बस की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर की मौत
रोहट . सिणगारी के निकट शनिवार शाम को बस चालक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार उत्तरप्रदेश के कुरा तहसील बर्तना (इटावा) निवासी जितेन्द्र पुत्र गुरुनाई नागल सिणगारी में क्रेशर की फैक्ट्री में मजदूरी करता है। शनिवार शाम को कुछ सामान लेने के लिए सिणगारी से वापस साइकिल से फैक्ट्री जा रहा था। इस दौरान सिणगारी में रेलवे फाटक के निकट सामने से आ रही लोक सेवा परिवहन बस के चालक ने चपेट में ले लिया। गंभीर हालत में जितेन्द्र को रोहट अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बस में सवार यात्री दूसरी बस से जालोर की ओर रवाना हुए।
कार की टक्कर से चार भेड़ों की मौत, भेड़ पालक घायल
रोहट . पाली-जोधपुर राजमार्ग पर शनिवार शाम को कार की चपेट में आने से चार भेड़ों की मौत हो गई तथा भेड़ पालक घायल हो गया।
उसे उपचार के लिए पाली रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार बांडाई निवासी सूजाराम पुत्र चौथाराम देवासी भेड़ों को लेकर घर की तरफ जा रहा था कि पाली की तरफ से तेज गति में आ रहे कार चालक ने भेड़ पालक सूजाराम सहित भेड़ों को चपेट में ले लिया। हादसे में चार भेड़ों की मौत हो गई तथा सूजाराम व दो अन्य भेड़े भी घायल हो गई। पुलिस ने पीछा कर टोल नाके के निकट कार जब्त की।
मवेशी को बचाने के चक्कर में घायल हुए युवक की मौत्
पाली . मवेशी की टक्कर से घायल हुए इन्दिरा कॉलोनी निवासी मनमोहन शर्मा (27) पुत्र राधेश्याम शर्मा की शनिवार को जोधपुर में मौत हो गई। ये गत दिनों मवेशी की चपेट में आकर गंभीर घायल हो गया था। इसे जोधपुर रैफर किया गया था।





No comments:
Post a Comment