जालोर. सरकारी काम में उपयोग की जा रही मिटटी का अवैध खनन किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार मूकदर्शक बने हुए हैं। मामला आहोर क्षेत्र के नीलकंठ से अरथंडी गांव तक बन रही सम्पर्क सड़क का है। यहां सड़क बनाने के लिए मिट्टी डाली जा रही है, जो नीलकंठ गांव से खोद रहे हैं। ठेकेदार के कार्मिक तालाब से सटा काफी हिस्सा अब तक खोद चुके हैं। हालांकि ग्रामीणों ने अवैध खनन रूकवाने की मांग भी की, लेकिन न तो ठेकेदार ने काम रोका और न ही प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई हुई। ग्रामीण बताते हैं कि मिट्टी का अवैध खनन होने से तालाब को भारी नुकसान पहुंच रहा है। सार्वजनिक निर्माण विभाग अधिकारियों से बात की, लेकिन ठेकेदार को मना नहीं किया जा रहा। ऐसे में ठेकेदार मनचाही जगहों पर अवैध खनन कर रहा है। उधर, मिट्टी का अवैध खनन कर सड़क बनाने के मामले में सार्वजनिक निर्माण विभाग के एक्सइएन एसएल सुथार ने बताया कि वे कुछ दिनों से अवकाश पर है इसलिए यह मामला जानकारी में नहीं है। वहीं एइएन अनिल माथुर ने फोन रिसीव ही नहीं किया।
बारिश में पानी रिसाव का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि तालाब के पास खुदाई होने से बारिश में भारी नुकसान की आशंका है। आसपास की काफी मिट्टी खोदी जा चुकी है। इससे बरसाती पानी की आवक होने पर गांव का तालाब फूटने या इसमें पानी के रिसाव का खतरा बन सकता है। जल संरक्षण के लिए संचालित जल स्वावलम्बन योजना के तहत भी इस तालाब में काम हो चुका है, लेकिन संरक्षण पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा।
मशीनों से खोद रहे मिट्टी
अरथंडी तक बनने वाली सम्पर्क सड़क पर मिट्टी बिछाई जा रही है। इसके लिए अलग-अलग जगह खुदाई की जा रही है। इसमें मशीनों का भी उपयोग किया जा रहा है। लोडर मशीन से मिट्टी का खनन हो रहा है, जिससे प्रतिदिन कई टन मिट्टी उठ रही है। अवैध खुदाई में निकल रही मिट्टी ट्रैक्टर ट्रॉलियों से सड़क तक पहुंचाई जा रही है। तालाब से सटे हिस्से में बड़े-बड़े गड्ढे आसानी से देखे जा सकते हैं।
ठेकेदार को मिल रही शह
ग्रामीण बताते हैं कि जिम्मेदारों की उदासीनता से ठेकेदार को शह मिल रही है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी सड़क निर्माण की मॉनिटरिंग भी करते होंगे, लेकिन अवैध रूप से लाई जा रही मिट्टी का ध्यान नहीं रखा जा रहा। आरोप लगाया कि ऐसे में या तो विभागीय जिम्मेदार मूकदर्शक बने हुए हैं या निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग ही नहीं कर रहे।
ध्यान नहीं दे रहे...
गांव में सड़क निर्माण के लिए तालाब के पास मिट्टी की अवैध खुदाई जा रही है। अधिकारियों को कहा गया पर कोई ध्यान नहीं दे रहा। इससे तालाब को नुकसान पहुंचने का अंदेशा है।
- प्रकाश भारती व कानाराम चौधरी, ग्रामीण, नीलकंठ





No comments:
Post a Comment