जैतारण (पाली). जैतारण के पाटवा-देवली कलां मार्ग पर शनिवार देर शाम को चलती वैन में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन, आग की लपटें इतनी तेज थी कि वे कामयाब नहीं हो सके। हादसे में चालक जिंदा जल गया।
थानाप्रभारी रविन्द्रसिह खींची ने बताया कि पाटवा निवासी आनंद वैष्णव (25) पुत्र किशोरदास वैष्णव शनिवार शाम को पाली से अपने गांव पाटवा आ रहा था। देवली कलां से पाटवा जाने वाले कच्चे मार्ग पर वैन में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। इसके चलते आनंद को फाटक खोल बाहर निकलने का समय तक नहीं मिला और वह वैन में जिंदा जलने लगा। उसकी चीख सुनकर उधर से गुजर रहे कुछ लोग रुके। लेकिन, आग ने विकराल रूप ले लिया। एेसे में वे उसे बचा नहीं पाए। सूचना पर पुलिस उप निरीक्षक गंगाप्रसाद क ी अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से वैन से शव को बड़ी मुश्किल से पुलिस ने बाहर निकला तथा मोर्चरी में रखवाया। सरपंच सोनू सीरवी ने बताया कि मृतक के पिता मजदूरी का काम करते है।
‘देवली पहुंच गया हूं, खाना बनाकर रखना’
घटना से कुछ समय पहले आनंद ने घर पर फोन कर जानकारी दी कि वह देवली कला पहुंच गया है। आधे घंटे में घर पहुंच जाएगा। इसलिए भोजन बनाकर तैयार रखना। लेकिन, परिजनों को भान ही नहीं था कि उसके बजाय उसकी मौत का समाचार मिलेगा। किसी को उसकी मौत पर विश्वास ही नहीं हो रहा था।
आग के कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि वैन करीब एक वर्ष पुरानी ही है। ऐसे में उसमें आग कैसे लगी कि आनंद को वैन से वाहन निकलने तक का समय नहीं मिल सका। मामले को प्रारंभिक जांच में संदिग्ध मानते हुए पुलिस हर पहुल से जांच कर रही है।
परिजनों की फूट पड़ी रुलाई
जो आनंद कुछ ही देर में पाटवा अपने घर पहुंचने वाला था। उसकी मौत के समाचार से परिजनों पर मानों दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी रुलाई फूट पड़ी। हर कोई उन्हें दिलासा देता नजर आया। मृतक के परिजन सभी को ये ही कहते रहे कि अभी कुछ ही देर में तो आनंद घर पहुंचकर खाना खाने वाला था तो ये हादसा कैसे हो सकता है। परिजनों को रोता देख मौजूद लोगों की आंखों से अश्रुधारा बहने लगी।





No comments:
Post a Comment