Breaking News
recent

मौसम की मार, मरीज बीमार


सीकर. पिछले दो दिन से तापमान में गिरावट ने चिकित्सा संस्थानों में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ा दी है। हाल यह है कि अस्पतालों का आउटडोर दोगुना बढ़ा है वहीं मरीजों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। सर्दी बढऩे से बुजुर्गों में श्वास संबंधी रोग बढ़ते जा रहे हैं। वहीं तापमान में उतार-चढ़ाव का सर्वाधिक प्रभाव नौनिहालों पर पड़ा है। कल्याण अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में 70 फीसदी से ज्यादा रोगी मौसमी बीमारियों के आए। सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक अस्पताल में मरीजों का तांता लगा रहा। कमोबेश यही स्थिति जनाना अस्पताल के आउटडोर की रही। जहां इलाज के लिए अभिभावक अपने नौनिहालों को लेकर ओपीडी में बैठे रहे।

नवजातों को ज्यादा खतरा व बढ़ोतरी भी
ठंडक घुलने से वायरल, डायरिया, वॉमिटिंग, ब्रोंकाइटिस अस्थमा,सांस लेने में तकलीफ , निमोनिया के मरीजों में 35 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। इसके अलावा जनाना अस्पताल में आने वाले ज्यादातर नवजात हाइपोथरमिया, शरीर के तापमान में गिरावट की बीमारी की चपेट में रहे हैं। चिकित्सकों की माने तो नौनिहालों में चेस्ट इंफेक्शन, जुकाम, खांसी अस्थमा के रोग बढ़े हैं। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे भी सर्दी के कारण कई तरह की बीमारियों में जकड़े हैं।

इनका कहना है:
पिछले दो दिन मे जुकाम, खांसी अस्थमा के मरीज बढ़े हैं। अस्पताल में औसतन एक दर्जन से ज्यादा मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। ऐसे मौसम में बचाव के लिए परहेज जरूरी है। बच्चों के स्कूल से आने के बाद एकदम गर्म कपड़े उतारने भी उन्हें बीमारियों की चपेट ला रहा है।
डॉ. एमएस फगेडिया, शिशु रोग विशेषज्ञ


अजीतगढ़. क्षेत्र के पीथलपुर पंचायत क्षेत्र के गांव में बीती रात करीब पांच मिनट तक बेर के आकार के ओले गिरने से अगेती फसलों को नुकसान हुआ है। इससे प्रभावित किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें दिखाई दे रही है। किसान मोहन लाल यादव, किशोरी लाल स्वामी, भीवाराम, रामजी लाल यादव सहित कई किसानों ने बताया कि ओलावृष्टि के कारण अगेती फसलें आड़ी गिर गई। किसानों ने ओलावृष्टि से हुए नुकसान का सर्वे करने और मुआवजा देने की मांग की है। अजीतगढ़ नायब तहसीलदार भीमसेन सैनी ने बताया कि संबंधित पटवारी को सूचना दे दी है। जिसकी रिपोर्ट जिला कलक्टर को दी जाएगी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.