भगवतगढ़. कस्बे सहित आस-पास की ग्राम पंचायतों झोपड़ा, लोरवाड़ा, जटवाड़ा कलां, आदलवाड़ा कलां, सुनारी, जौला गंभीरा, रामड़ी आदि में बुधवार को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन हुआ। अधिकतर स्थानों पर ग्राम सभाओं में लोगों के नहीं पहुंचने से ग्राम सभाएं औपचारिक रही। झोपड़ा में ग्राम सभा हंगामें की भेंट चढ़ गई। लोगों ने सरपंच एवं सचिव पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ जरूरत मंदों की बजाय संपन्न लोगों को दिलाने का आरोप लगाया। इस बीच ग्रामीण सरपंच एवं सचिव से हाथापाई पर उतर आए। लोगों ने समझाइश से मामले को शांत कराया। लोरवाड़ा सरपंच ने बताया कि ग्राम सभा में छह सीसी सड़क, लोरवाड़ा, दोबड़ा खुर्द एवं बंधा के सरकारी स्कूलों के तीन-तीन हॉल की छत एवं दीवारों की मरम्मत, नरेगा के तहत लोरवाड़ा से खेड़ली खालसा तक ग्रेवल सड़क, पुलिया निर्माण एवं सुरक्षा दीवार बनाने के प्रस्ताव लिए गए।
बहरावण्डा खुर्द. कस्बे में बुधवार को स्थानीय ग्राम पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम विकास अधिकारी शम्भूदयाल शर्मा ने बताया कि ग्राम सभा की अध्यक्षता स्थानीय पंचायत सरपंच रमेश चंद गोयल ने की। पंचायत प्रभारी के रूप राधेश्याम शर्मा सहायक अभियंता पंचायत समिति खण्डार उपस्थित रहे। ग्राम सभा में ग्राम पंचायत के माध्यम से पुरातन बावड़ी का जीर्णोद्धार, मोक्षधामों का जीर्णोद्धार, न्यू कॉलोनी स्थित मॉडल तालाब का सौंदर्यींकरण, राजकीय कृषि फार्म तक ग्रेवल निर्माण कार्य सहित अन्य निर्माण कार्यों के प्रस्ताव लिए। इस दौरान स्थानीय ग्रामीण श्याम सिंह चौधरी, पवन शर्मा, हुकम महावर, मोहन चौधरी, लक्की शेखावत आदि मौजूद रहे।
सूरवाल. कस्बे के अटल सेवा केन्द्र पर बुधवार को ग्राम सभा का आयेाजन किया गया। इसमें ग्राम विकास अधिकारी गिर्राज प्रसाद सिंघल, सरपंच धर्मराज मीना सहित पंचायत के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। ग्राम सभा में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद विकास कार्यों के प्रस्ताव लिए गए। सरपंच ने बताया कि स्मार्ट विलेज के तहत क्षेत्र का विकास कार्य करवाया जा रहा है। यहां विश्रामालय, गौरव पथ, सड़क, नाली निर्माण आदि कार्य होने के बाद इंटरलॉकिंग सड़क, मोक्षधाम और पार्क को विकसित किए जाने तथा इस संबंध में बजट पर चर्चा की गई।
पीपलवाड़ा. ग्राम पंचायत पीपलवाड़ा में ग्रामसभा का आयोजन सरपंच सरिता मीणा की अध्यक्षता में किया गया। इसमें वर्ष 2019-2020 की वार्षिक कार्य योजना तैयार की गई। साथ ही ग्राम सभा में महिला बाल विकास पर्यवेक्षक की उपस्थिति में आंगनबाड़ी सहायिका खेलन्ता मीणा का चयन किया गया। इस मौके पर उपसरपंच रामनिवास मीणा, ग्राम विकास अधिकारी हेमराज बैरवा, ग्राम रोजगार सहायक रामराज गुर्जर, वार्ड पंच व ग्रामीण आदि मौजूद थे।
देरी से शुरू हुई ग्राम सभाएं
चौथ का बरवाड़ा . कस्बे में स्थित पंचायत समिति के अधीन आने वाली सभी 23 ग्राम पंचायतों में बुधवार को ग्राम सभाएं हुई। दरअसल सभाएं सभी पंचायतों में सुबह करीब दस बजे से आयोजित होनी थी, लेकिन पंचायत वार्ड पंच तथा पंचायत कार्मिकों के समय पर नहीं पहुंचने से सभाएं करीब एक से दो घंटे देरी से शुरू हुई। इसी के तहत कस्बे की ग्राम पंचायत सभागार में उपसरंपच रामधन नागरे की अध्यक्षता में ग्राम सभा आयोजित हुई। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी विजेन्द्र सिंह ने कस्बे के विकास की रूपरेखा पर चर्चा की। इस दौरान ग्राम सभा में जीपीडीपी प्लान तैयार किया और नरेगा कार्य की समीक्षा कर विकास कार्यों पर जोर दिया गया। कस्बे में आयोजित ग्राम सभा में वार्ड पंचों ने वार्डों की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। उपसरपंच ने विभिन्न समस्याओं पर जानकारी लेकर समाधान के लिए निर्णय किए।





No comments:
Post a Comment