पोकरण. क्षेत्र के कई मतदान केन्द्रों पर मतदान प्रक्रिया धीरे रही। जिसके कारण लोगों को परेशानी हुई तथा कई मतदान केन्द्रों पर पांच बजे के बाद भी लम्बी लाइनें लगी हुई थी। विशेषकर महिला मतदाताओं को परेशानी हुई। मतदाता के नंबर, फोटो, पहचान पत्र मिलान, हस्ताक्षर से लेकर इवीएम में वोट करने और वीवीपेट में पर्ची आने तक करीब एक मिनट का समय लगने के कारण प्रति घंटा मुश्किल से 60 से 70 मतदाताओं की ओर से मतदान किया जा सका। ऐेसे निर्धारित नौ घंटे के मतदान अवधि में अधिकांश 600 से 700 मतदाताओं की ओर से आसानी से मतदान किया गया। जबकि कई छोटे मतदान केन्द्रों पर तीन से चार बजे तक मतदान कार्य पूर्ण हो गया तथा एक हजार से अधिक मतदाता वाले केन्द्रों पर पांच बजे के बाद भी मतदान कार्य चलता रहा। सांकड़ा क्षेत्र के अचलपुरा गांव में 94 वर्षीय वृद्ध महिला अंतरकंवर ने अपने परिजनों के सहयोग से मतदान किया। माड़वा गांव में 98 वर्षीय जेतों पत्नी नसीरखां ने अपने पोते के साथ मतदान केन्द्र पहुंचकर मतदान किया। इसी प्रकार यहां दृष्टिबाधित रफीक पुत्र अब्दुखां ने भी परिजनों के सहयोग से मतदान किया।
रामदेवरा. लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व में जनता ने सहभागिता निभाई और मतदान किया। सुबह आठ बजे शुरू हुए मतदान में महिला व पुरुष उत्साह के साथ उमड़ पड़े और मतदान केन्द्रों की तरफ बढ़ते नजर आए। देर शाम पांच बजे तक भी मतदाताओं की लम्बी कतारें लगी रही। तेज धूप के बावजूद लोगों ने बढ़ चढकऱ मतदान किया और घंटों तक कतारों में खड़े रहे। इसी प्रकार 90 से 100 वर्ष की उम्र के मतदाता भी मतदान के लिए यहां पहुंचे। स्थानीय निवासी 96 वर्षीय गैंरादेवी, 94 वर्षीय भंवरीबाई शर्मा ने मतदान किया। इसी प्रकार 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा मतदाताओं ने पहली बार मतदान किया। पंकज चौहान, नीलेश शर्मा, देवीलाल कुमावत, मनोहरराम, रोहित रंगा, जेठूसिंह, पर्वतसिंह सहित करीब तीन दर्जन युवाओं ने पहली मतदान कर लोकतंत्र की मजबूती में अपना सहयोग किया। (नि.सं.)
नाचना. क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों पर शुक्रवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। क्षेत्र में जगह-जगह मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही लम्बी लाइनें लगने लगी। लोगों में मतदान को लेकर भारी उत्साह नजर आया। पांचे का तला ग्राम पंचायत के बूथ संख्या 13 पर इवीएम खराब हो जाने के कारण 40 मिनट देरी से मतदान कार्य शुरू हुआ। जिससे लोगों को मतदान के लिए इंतजार करना पड़ा और परेशानी हुई।
पाक सीमा पर मतदान
पाक सीमा से सटे पोकरण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत जालूवाला के रायचंदवाला मतदान केन्द्र पर भी उत्साह के साथ मतदान किया गया। पाकिस्तान की सीमा से मात्र पांच किमी की दूरी पर स्थित रायचंदवाला, आठ किमी दूर स्थित आकलवाला में भी लोगों ने बढ़ चढकऱ मतदान किया और लोकतंत्र में अपनी आस्था जताई।





No comments:
Post a Comment