सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय पर लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन चोरियों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। बुधवार देर रात को एक बार फिर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस बार चोरों ने बजरिया स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को निशाना बनाया। शहरी प्राथमिक चिकित्सा केंद्र के हेल्थ मैनेजर विनोद शर्मा ने बताया कि जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत सफाईकर्मी गुरुवार सुबह दस बजे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा तो स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला।
इसकी सूचना उसने तुरंत चिकित्सा कर्मी को दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे चिकित्सकों व अन्य कार्मिकों ने स्वास्थ्य केंद्र के सामान की जांच की और घटना की सूचना मानटाउन थाना पुलिस को दी। लैब से चोर करीब पांच हजार रुपए की नकदी व काउंटर से गोदान पेटिका ले गया। पेटी में करीब आठ सौ रुपए बताए जा रहे हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची मानटाउन पुलिस ने अपराधियों की पहचान करने के लिए स्वास्थ्य केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक चोर रात करीब तीन बजे स्वास्थ्य केंद्र के गेट का ताला तोड़कर अंदर गुस्सा नजर आ रहा है। चोर ने बड़ी तसल्ली से करीब 1 घंटे तक स्वास्थ्य केंद्र परिसर का मुआयना किया। उसने लैब, रिकॉर्ड रूम आदि कई कमरों में जाकर सामान खंगाला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





No comments:
Post a Comment