पाली . रानी थाने के देवली पाबूजी गांव में शुक्रवार को कहासुनी के बाद एक भाई ने अपने भाई के सिर पर लाठी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
रानी थानाप्रभारी चन्द्रसिंह ने बताया कि देवली पाबूजी गांव निवासी संतोष कुमार (40) पुत्र कानाराम नायक शुक्रवार को गांव के एक मंदिर के निकट बैठा था। इस दौरान किसी बात को लेकर उसके बुआ के लडक़े धनाराम (27) पुत्र घीसाराम नायक से कहासुनी हो गई। आवेश में आकर धनाराम ने संतोषकुमार के सिर पर लाठी से वार कर दिया। गंभीर अवस्था में घायल संतोष को परिजन नाडोल अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रंजिश के चलते हत्या
मृतक व उसके बुआ के लडक़े धनाराम के बीच पारिवारिक रंजिश चल रही थी। शुक्रवार को भी दोनों जब गांव के बस स्टैंड के निकट स्थित पाबूजी मंदिर पर मिले तो दोनों में बहस हो गई। आवेश में आकर धनाराम ने लाठी से संतोष के सिर पर वार किया। इससे उसकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सरपंच नेमाराम चौधरी ने बताया कि मृतक संतोष जैसे-तैसे मजदूरी का काम-काज कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके पांच बच्चे है। जिनमें तीन बेटियां व दो बेटे है। उसकी हत्या से परिवार पर मानों दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उसकी पत्नी व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। मौजूद लोग उन्हें ढाढस बंधाते दिखे।
कंठी लूट का आरोपी गिरफ्तार
सोजत (निप्र). बगड़ी नगर थाना क्षेत्र के उदेशी कुआ गांव की एक वृद्धा की कंठी लूटने के आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार गुरुवार को उदेशी कुआ निवासी राधा (५५) पत्नी जंूझारराम गुर्जर पैदल अपने बाड़े में रेवड़ के पास जा रही थी। इस दौरान वृद्धा को अकेला देख एक युवक कंठी लूटकर फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने शुक्रवार को सोजतरोड निवासी मदनलाल पुत्र मोहनलाल भाट को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ जारी है।
वाहन में तोडफ़ोड़ का मामला दर्ज
फालना. फालना-बाली मार्ग पर पुराने पेट्रोल पम्प के निकट जीप रुकवाकर तोडफ़ोड़ करने का मामला फालना थाने में दर्ज हुआ। पुलिस के अनुसार बिरोलिया निवसी ललितकुमार पुत्र जगदीशकुमार खारवाल ने रिपोर्ट दी कि फालना निवासी जय गुर्जर, श्रवण व अन्य ने उसकी जीप के आगे आकर तोड़-फोड़ कर की तथा उसे आग लगाने का प्रयास किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।





No comments:
Post a Comment