Breaking News
recent

चार राज्यों में भाजपा चित्त, केंद्र में भी आएगी कांग्रेस -सिंगला

पंजाब के मंत्री सिंगला के अनुसार जनता झूठे वादों से तंग

श्रीगंगानगर. पंजाब के सार्वजनिक निर्माण एवं सूचना-प्रौद्योगिकी मंत्री विजय इन्द्र सिंगला के अनुसार राजस्थान सहित चार राज्यों के मौजूदा विधानसभा चुनाव में भाजपा का चित्त होना तय है। मध्यप्रदेश, मिजोरम एवं छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस की सरकार अच्छे बहुमत से बन रही है। आगामी लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस की सरकार आएगी। बुधवार को यहां 'राजस्थान पत्रिका’ से बातचीत में उन्होंने कहा कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झूठे वादों से तंग आ चुकी है। उन्होंने बड़े-बड़े सपने दिखाए लेकिन पूरा कोई नहीं हुआ। राजस्थान में भी भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही।

सिंगला के अनुसार नोटबंदी ने हर वर्ग की कमर तोड़ दी, जीएसटी जंजाल साबित हो रहा है। महंगाई कम करने, बेरोजगारों को रोजगार देने, व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने, किसानों की आय बढ़ाने की बातें, बात ही साबित हुई है। वास्तविकता में किसी वर्ग को कोई लाभ नहीं हुआ, उलटे परेशानियां बढ़ाई गई है।

जनता अब लुभावनी बातों में नहीं आएगी और भाजपा को सबक सिखाएगी।
सिंगला का कहना था कि किसान भाजपा के राज में सर्वाधिक त्रस्त है। एक तरफ तो उनकी आय दोगुनी करने की बात कही जा रही है, दूसरी तरफ कृषि आदानों के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। डीजल कहां का कहां पहुंच गया, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कृषि जिन्सों की सरकारी खरीद नाम मात्र हो रही है। देश में किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। मोदी ने काला धन वापिस लाने की बात कही थी। जनता को उसके आने का इंतजार है।

नहरों में साफ पानी के लिए पंजाब गम्भीर
नहरों में आने वाले पानी को पंजाब में दूषित करने तथा इस पर नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की ओर से जुर्माना लगाने संबंधी सवाल पर केबिनेट मंत्री सिंगला ने कहा कि पंजाब सरकार इस मामले में गम्भीर है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्द्र सिंह ने पानी को दूषित करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश दे रखे हैं। संबंधित विभाग पूरी नजर रख रहा है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.