राजसमंद. पिछले कई दिनों से चल रही दौड़-भाग के बाद प्रत्याशियों ने शनिवार राहत लेते हुए कहीं परिवार के साथ तो कहीं अपने निजी कार्यों में और कहीं कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करते हुए दिन बिताया। विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान होते ही प्रत्याशी अपने आप को हल्का महसूस कर रहे हैं।
हरिसिंह ने की रुझानों पर चर्चा
भीम-देवगढ़ विधानसभा से लगातार चौथी बार भाग्य आजमा रहे भाजपा प्रत्याशी हरिसिंह रावत ने सवेरे का समय तो परिवार के साथ रहते हुए बिताया। इसके बाद वे मोटरसाइकिल से भीम में भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां पर उन्होंने दोपहर तक का समय कार्यकर्ताओं के साथ बिताया। यहां चर्चाओं के केन्द्र में विधानसभा के विभिन्न बूथों पर हुए मतदान की स्थिति एवं उसके अनुसार रहने वाले परिणाम था। इसके साथ ही टीवी चैनलों पर एक्जिट पोल में बताए जाने वाले रुझानों को लेकर भी चर्चा की। दोपहर बाद वे सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने लिए चले गए।
सुदर्शन ने की माता-पिता से चर्चा
भीम से कांग्रेस प्रत्याशी सुदर्शन सिंह रावत ने सुबह फुर्सत के क्षण परिवार के साथ बिताए। उन्होंने माता-पिता का आशिर्वाद लेकर उनके साथ कुछ देर चुनाव के बारे में चर्चा की। इसके बाद वे भीम में पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकताओं के साथ बातचीत की। इसके बाद भीम में अपने मित्र की दुकान पर युवाओं के साथ चुनावी चर्चा की। बाद में उन्होंने कार्यकर्ताओं के यहां सामाजिक कार्यक्रमो में भाग लिया।
अजय ने की परिवार के साथ गपशप
भीम से निर्दलीय प्रत्याशी अजय सोनी ने चुनावी भाग-दौड़ के बाद शनिवार को सुबह का सयम परिवार के साथ चाय पर गपशप करते हुए बिताया। इसके बाद वे बाहर निकले और समर्थकों से मिलना श्ुारू किया। उन्होंने इस दौरान समर्थकों के साथ चुनाव अभियान की समीक्षा की। साथ ही टीवी पर दिखाए जा रहे एक्जिट पोल पर भी चर्चा की। इसके बाद दोपहर में वे सामाजिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए ब्यावर चले गए।
परमार ने विभिन्न कार्यक्रमों में लिया भाग
चारभुजा. कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी गणेशसिंह परमार ने सुबह का समय परिवार के साथ बिताया। इसके बाद वे क्षेत्र के लाम्बोड़ी पहुंचे, जहां पूर्व कुंभलगढ़ के प्रधान सूरतसिंह दसाणा के निजी कार्यक्रम में भाग लिया। बाद में उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी चर्चा की, जिसके बाद वे सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेने यहां से रवाना हो गए।
एक रहे पूजा में मग्न, दूसरे कार्यकर्ताओं से मिल हुए रवाना
नाथद्वारा. विधानसभा चुनाव में शुक्रवार को मतदान की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद भाजपा एवं कांग्रेस प्रत्याशी शनिवार को चुनावी थकान के बाद सामान्य दिनचर्या में रहे। हालांकि जब उनसे मिलने कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हुआ तो उन्होंने उनसे मुलाकात भी की।
भाजपा प्रत्याशी महेश प्रतापसिंह ने शनिवार को सबसे पहले घर में बने पूजा स्थल पर आराध्य के सामने बैठकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद चाय-नाश्ता की। बाद में पार्टी के कई कार्यकर्ता उनके यहां पहुंचे, जिनसे उन्होंने चुनाव पर चर्चा की। वहीं, उनके यहां आए परिवार के मेहमान आदि से भी चर्चा की। इसके बाद कई कार्यकर्ताओं के आए फोन पर उनसे बातचीत कर चुनाव के दौरान नामांकन के बाद से ही क्षेत्र में की गई मेहनत पर उनका आभार जताया। उन्होंने राजस्थान पत्रिका पढऩे के बाद अपने क्षेत्र में हुए मतदान के आंकड़ों पर भी समीक्षा व आकलन किया।
इसी तरह कांग्रेस प्रत्याशी सीपी जोशी होटल उत्सव में ठहरे जहां शनिवार सुबह विभिन्न समाचार पत्रों को पढ़ा एवं मोबाइल पर ही देश एवं प्रदेश की जानकारी को लेकर अपडेट लेते रहे। साढ़े ११ बजे उन्होंने होटल के नीचे हॉल में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इनमें रेलमगरा, खमनोर आदि क्षेत्र के कई पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद थे। इसके बाद वे पत्नी हेमलता जोशी के साथ दोपहर साढ़े १२ बजे कार से सडक़ मार्ग से जयपुर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देवकीनंदन गुर्जर ने दोनों को हाथ जोडक़र विदा किया। यहां से रवाना होने से पूर्व सीपी व उनकी पत्नी को कांग्रेस के एक युवा कार्यकर्ता विजेश शिशोदिया ने गुड़ भी खिलाया।
राठौड़ ने की कार्यकर्ताओं से चर्चा
लावासरदारगढ़. कुंभलगढ़ विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सुरेन्द्रसिंह राठौड़ शनिवार सुबह आराम के मूड में नजर आए। राठौड़ ने शनिवार सुबह सबसे पहले सोनियाणा आश्रम जाकर दर्शन किए। इसके बाद साढ़े 10 बजे कस्बे के पुराना बस स्टैण्ड पर भाजपा कार्यकताओं एवं ग्रामीणों के साथ बैठकर कचौरी खाई और चाय पी। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा बूथ प्रभारियों से पोलिंग बूथों पर मतदान की स्थिति का आकलन किया। वहीं, न्यूज चैनलों के एग्जिट पोल के बारे में भी चर्चा की। इस दौरान पूर्व प्रधान मोहनलाल चन्देल, पंचायत समिति सदस्य प्रवीण मेवाड़ा, किशनलाल माली, पूर्व नगर अध्यक्ष राकेश संचेती, लक्ष्मणलाल माली, महिला मोर्चा अध्यक्ष कृष्णा सुथार, बूथ प्रभारी जगदीशदास वैष्णव, किशनलाल दुग्गड़, प्रकाश माली, किशन प्रजापत उपस्थित थे।






No comments:
Post a Comment