बीकानेर. विधानसभा चुनाव-२०१८ के दौरान भाजपा और कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की बीकानेर जिले में बाढ़ सी रही। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दो बार तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी एक बार बीकानेर आए। सचिन पायलट, अशोक गहलोत ने भी कांग्रेस सम्मेलन में शिरकत की। वहीं मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यराज ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आए। राजे ने जहां प्रचार की कमान संभाली, वहां तो प्रत्याशी जीत गए, लेकिन योगी श्रीडूंगरगढ़ में भाजपा प्रत्याशी को नहीं जिता पाए। उधर, कांग्रेस स्टार प्रचारक अशोक गहलोत ने बीकानेर पश्चिम और खाजूवाला प्रत्याशी को जिता दिया, लेकिन बीकानेर पूर्व के प्रत्याशी को जिताने में कामयाब नहीं हो सके। दोनों पार्टियों के स्टार प्रचारकों ने चुनाव प्रचार के दौरान खूब जोर अजमाइश की। हालांकि सातों सीटों पर बराबर का मुकाबला रहा।
भाजपा ने खूब की जोर आजमाइश
भाजपा की ओर से राजे, योगी के अलावा केन्द्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल, केन्द्रीय विधि एवं कानून तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी. सतीश, केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह चुनाव प्रचार में आए। वहीं केन्द्रीय चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक गजेन्द्र सिंह शेखावत एवं सह संयोजक अर्जुनराम मेघवाल का बीकानेर में ध्यान केन्द्रित रहा। बीकानेर संभाग में मुख्यालय पर राष्ट्रीय महामंत्री मुरलीधर राव एवं प्रकाश जावड़ेकर ने भाजपा के चुनाव जीतने की व्यूह रचना को लेकर बैठकें की। भाजपा की ओर से राजस्थान के प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी, मुरलीधर राव, प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने बैठक ली। अमित शाह के रोड शो में अर्जुनराम व राज्यसभा सांसद नारायण पंचारिया ने जोर अजामाइश की। वहीं अंतिम दिनों में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी चुनाव प्रचार के लिए बीकानेर आए।
कांग्रेस ये प्रचारक
कांग्रेस के अशोक गहलोत ने बीकानेर जिले में बीकानेर शहर के दो विधानसभा क्षेत्रों के लिए गंगाशहर में तथा खाजूवाला विधानसभा के लिए छत्तरगढ़ में चुनावी सभाएं की। वहीं कांग्रेस के रणधीर सिंह सुरजेवाला और राजीव शुक्ला भी प्रचार अभियान में आए। उधर, अभिनेता रजा मुराद और शिवा निर्दलीय प्रत्याशी युधिष्ठिर सिंह भाटी के पक्ष में प्रचार करने आए, लेकिन कोई लाभ नहीं मिल पाया।
रमन सिंह और राजनाथ सिंह आए नोखा
नोखा में भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में आए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह का राजस्थान में दूसरी बार सरकार बनने का नया कीर्तिमान का दावा सही नहीं हो सका, लेकिन नोखा में भाजपा प्रत्याशी बिहारी लाल विश्नोई के चुनाव प्रचार में जोश भर गए। बिहारी लाल विश्नोई ने नोखा में कांग्रेस के उम्मीदवार रामेश्वर डूडी को चुुनाव में हरा दिया है। रमन सिंह ने दावा किया कि था कि नोखा में लोगों का उत्साह देखकर लगता है कि बिहारी लाल विश्नोई की जीत निश्चित है। उन्होंने राजस्थान (नोखा) के छत्तीसगढ़ में शहीद जगदीश विश्नोई की शहादत को याद किया। इस अभिव्यक्ति से जन मानस को छुआ। बिहारी के समर्थन में भाजपा के दो स्टार प्रचारक आए। इसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के अलावा भाजपा सरकार के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी नोखा में चुनावी सभा को सम्बोधित किया।





No comments:
Post a Comment