Breaking News
recent

मोबाइल के माध्यम से हो रहा प्रत्याशियों का सर्वे

गंगानगर विधानसभा क्षेत्र में हाइटेक तरीके से किया जा रहा सर्वे

श्रीगंगानगर. मोबाइल फोन पर अक्सर एेसी कॉल आती रहती हैं, जिसमें एक सवाल पूछा जाता है और फिर एक दबाओ, दो दबाओ, तीन दबाओ का विकल्प देकर कॉल रिसीव करने वाले से उसका जवाब ले लिया जाता है। गंगानगर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के पास इन दिनों एेसी ही एक कॉल आ रही है जो आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। यह एक तरह से चुनावी सर्वे है, जिसका उपयोग इस विधानसभा क्षेत्र का कोई प्रत्याशी अपना हित साधने के लिए कर सकता है।

इस सर्वे को मतदाताओं की खरीद-फरोख्त का जरिया भी बनाया जा सकता है। शहर के जागरूक नागरिकों ने मोबाइल फोन के माध्यम से किए जा रहे इस सर्वे की जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं गंगानगर विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी को देकर सर्वे करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार मोबाइल फोन के माध्यम से इस विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से यह सवाल पूछा जा रहा है कि चुनाव मैदान में डटे प्रत्याशियों में से आप किसे चुनना पसंद करेंगे।

यह सब कुछ कम्प्यूटरराइज्ड है सो मतदाता केवल सुन सकता है, अपनी बात नहीं कह सकता। सवाल केबाद मतदाता को एक से छह नंबर तक बटन दबाने के लिए कहा जाता है। इन नंबरों पर गंगानगर के छह प्रमुख प्रत्याशियों के नाम बताए जाते हैं। हाइटेक तरीके से हो रहे इस सर्वे के पीछे कौन है और उसका उद्देश्य क्या है, यह अभी राज है। सवाल किसी एक प्रत्याशी के बारे में न होकर छह प्रत्याशियों के बारे में है इसलिए किसी पर संदेह भी नहीं जाता। जिस नंबर से फोन आता है उस पर दुबारा कॉल नहीं लगती। इस तरह की फोन कॉल को लेकर मतदाता भी हैरान हैं।

वह समझ नहीं पा रहा कि यह सर्वे कौनसा प्रत्याशी करवा रहा है। उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग ने मतदान संपन्न होने से पहले सर्वे व ओपनियन पोल पर रोक लगा रखी है, इसके बावजूद ऑनलाइन सर्वे जारी हैं।

जांच करवाएंगे
इस तरह का सर्वे अगर हो रहा है तो यह बिलकुल गलत है। शिकायत मिली है तो इसकी जांच करवा कर उचित कार्रवाई की जाएगी। कोई भी मतदाता एेसे सर्वे के बारे में जानकारी दे सकता है।
- सौरभ स्वामी, रिटर्निंग अधिकारी, गंगानगर विधानसभा क्षेत्र



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.