जैसलमेर. जैसलमेर शहर में मतदान के बाद अगला दिन पूरी तरह से चुनावी चर्चाओं के नाम रहा। प्रत्येक गली-मोहल्ले में घरों के ओटों और चौकियों से लेकर मुख्य स्थलों के पाटों तथा चाय-पान आदि की दुकानों व थडिय़ों पर बैठे लोग आपस में जैसलमेर के साथ पोकरण विधानसभा चुनाव के परिणामों को लेकर कयास लगाने में पूरी तरह से मशगूल नजर आए। उनकी चर्चा के केंद्र में रिकॉर्ड मतदान के आइने में राजनीतिक दलों का प्रदर्शन रहा। कोई जैसलमेर व पोकरण, किसी एक दल की जीत बता रहा था तो कोई किसी अन्य दल की। कुछ लोग दलों को एक-एक सीट बांटने के पक्षधर रहे। कई उत्साही लोगों ने तो टीवी चैनलों की देखादेखी जैसलमेर व पोकरण चुनाव परिणामों को लेकर अपना ‘एग्जिट पोल’भी तैयार कर लिया।
इनसे ले रहे जानकारी
जैसलमेर के बाशिदों में विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों से मतदान संबंधी जानकारी लेने के प्रति खास रुझान नजर आया। वे ग्रामीण को देखते ही, उसके गांव में बीते दिन हुए मतदान और किसी उम्मीदवार के पक्ष में वोट पड़े, इसके बारे में सवाल जवाब करने लगते। ऐसे ही अलग-अलग गांवों के लोग भी आपस में मिलते ही वोटों की चर्चा करने लगे, जिन सरकारी कर्मचारियों ने शुक्रवार को ग्रामीण इलाकों में जाकर वोट करवाए हैं, उनसे मिलकर अथवा फोन पर संबंधित इलाके में मतदान व संभावित परिणाम पर चर्चा करने वालों की भी कमी नहीं रही। जैसलमेर के ऐतिहासिक सोनार दुर्ग, हृदयस्थल गोपा चौक और हनुमान चौराहा के साथ गांधी चौक, आसनी पथ, गुलासतला, गड़ीसर मार्ग से लेकर शिव मार्ग, बस अड्डों व लगभग सभी सार्वजनिक स्थानों पर सुबह से चुनावी चर्चाओं का दौर चरम पर नजर आया। जैसलमेरवासी दोनों विधानसभाओं के परिणामों के अलावा राजस्थान, मध्यप्रदेष और छत्तीसगढ़ राज्यों में अगली सरकार किसकी बनेगी, इस पर भी गर्मजोशी के साथ चर्चा रत रहे। टीवी न्यूज चैनल्स की ओर से करवाए गए एग्जिट पोल के नतीजे भी उनकी चर्चाओं के केंद्र में रहे।





No comments:
Post a Comment