एमपीटी के सुरक्षा गार्ड को बस ने कुचला, गुस्साए लोग
प्लांट का गेट खोलते समय हुआ हादसा, सुरक्षा गार्ड की मौके पर ही मौत
रात 9 बजे तक मुआवजे की मांग को लेकर अड़े ग्रामीण
परिजन बोले - समाधान होने तक नहीं उठाएंगे शव
बायतु . तेल उत्खनन क्षेत्र में मंगला प्रोसेसिंग टर्मिनल के गेट 1 पर बुधवार शाम 5 बजे गेट खोलने के दौरान सुरक्षा गार्ड को बस ने कुचल दिया। पुलिस के अनुसार नागाणा स्थित एमपीटी के एक नंबर गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड पूनमाराम पुत्र हीराराम जाट निवासी नया भुरटिया बस के लिए गेट खोल रहा था। तभी बस ने अचानक ही उसे चपेट में ले लिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को कंपनी की एंबुलेंस से राजकीय चिकित्सालय बाड़मेर ले जाया गया। घटना की सूचना पर नागाणा पुलिस, मृतक के परिजन, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कंपनी से मृतक के परिजन को उचित मुआवजा देने की मांग की। इसको लेकर रात 9 बजे तक भी कंपनी के अधिकारियों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो परिजन नागाणा थाने पहुंच गए। उनका आरोप है कि कंपनी ने ड्यूटी पर लगे सुरक्षा गार्ड की मौत हो जाने के मामले में गम्भीर लापरवाही बरती है।
मोर्चरी में 3 दिन से नहीं बिजली
शहर का राजकीय चिकित्सालय संलग्न चिकित्सालय समूह में शामिल जरूर हो गया है। लेकिन व्यवस्थाएं अब भी रामभरोसे चल रही है। प्रबंधन की अनदेखी का आलम यह है कि अस्पताल की मोर्चरी में पिछले 3 दिन से बिजली गुल है। लेकिन इसे दुरुस्त नहीं करवाया गया है। बुधवार शाम को एमपीटी क्षेत्र में हादसे के मृतक का शव मोर्चरी लाया गया तो यहां पर अंधेरा मिला। शव को लेकर पहुंचे लोगों ने मोबाइल की टार्च से रोशनी कर शव को रखवाया।
ओबी कैम्प व एमपीटी के बीच चलती है बस
यह बस ओबी कैम्प से कंपनी के एमपीटी प्लांट में काम करने वाले मेंबरों को लाने-ले जाने का काम करती है। बस में कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी एमपीटी व ओबी कैंप के बीच आवागमन करते हैं। घटना के दौरान बस एमपीटी में अधिकारियों को लेने के लिए आई थी।
अधिकारियों ने नहीं दिया जवाब :
घटना की सूचना मिलते ही एमपीटी के एक नंबर गेट पर पहुंच गए, लेकिन वार्ता के लिए सुरक्षा कंपनी बीएसआइ के अधिकारियों ने परिजन से बात तक नहीं की।
टीम जांच कर रही, हम प्रभावित परिवार के साथ
&एमपीटी गेट नंबर 1 के निकट हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। सिक्योरिटी एजेंसी के साथ जुड़े एक गार्ड दुर्घटना में गंभीर घायल हुए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी। हमारी टीमें इसकी जांच कर रही है। इस दुख की घड़ी में हम प्रभावित परिवार के साथ हैं।
- अयोध्या प्रसाद गौड़, महाप्रबंधक केयर्न ऑयल एंड गैस





No comments:
Post a Comment