Breaking News
recent

अब कचरा पात्र भरते ही परिषद में बजेगा अलार्म

पाली । स्वच्छ भारत की ओर से कदम बढ़ाते हुए नगर परिषद ने एक और नवाचार किया है। शहर की सडक़ों को साफ-सुथरा रखने की मंशा से अब शहर की प्रमुख सडक़ों के किनारे सेंसरयुक्त डस्टबिन लगाए जाएंगे। इसकी खास बात ये है कि ये डस्टबिन 75 प्रतिशत भरते ही नगर परिषद में अलर्ट अलार्म बजेगा। इससे समय रहते परिषद की टीम कचरा पात्र को खाली कर देगी। साथ ही कचरा बाहर सडक़ों पर भी नहीं फैलेगा।
अक्सर देखने में आता है कि शहर में लगे डस्टबिन समय पर खाली नहीं किए जाते। इससे उनमें भरा कचरा सडक़ पर फैल जाता है। इसके समाधान को लेकर नगर परिषद स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2019 के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रथम चरण में सूरजपोल चौराहे के निकट मुख्य सडक़ के किनारे 100 सेंसरयुक्त डस्टबिन लगाएंगी। इसको लेकर कवायद शुरू हो गई है। आने वाले कुछ ही दिनों में इसे साकार किया जाएगा। सेंसर लगे डस्टबिन सडक़ किनारे 50-50 फीट की दूरी पर लगाए जाएंगे। 50 प्रतिशत कचरा डस्टबिन में भरने पर नगर परिषद के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक के कक्ष में अलर्ट अलार्म बजेगा। उसके बाद 75 प्रतिशत डस्टबिन में भरने पर भी अलार्म बजेगा।

गीले व सूखे कचरे के लिए अलग कचरा पात्र
सूरजपोल से नहर पुलिया की तरफ जाने वाले मार्ग पर शाम के समय पावभाजी, चाऊमीन सहित विभिन्न व्यंजनों के ठेले लग जाते है। इनका कचरा सडक़ पर ही फैला रहता है। इस मार्ग पर सूखे व गीले कचरे के लिए अलग-अलग कचरा पात्र लगाए जाएंगे।

स्वच्छता का संदेश देगी थ्री डी पेटिंग
शहरवासियों को स्वच्छता का संदेश देने के लिए नगर परिषद की ओर से शहर की प्रमुख सडक़ों के किनारे दीवार पर थ्रीडी पेटिंग बनाई जाएगी। इससे सौन्दर्य तो बढ़ेगा ही। लोगों को स्वच्छता की सीख भी मिलेगी।
जल्द ही योजना करेंगे क्रियान्वित
सेंसरयुक्त कचरा पात्र लगाने की कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है। जल्द ही इसको मूर्त रूप देंगे। सेंसरयुक्त कचरा पात्र लगने से सडक़ों पर कचरा नहीं फैलेगा। शहर साफ-सुथरा नजर आएगा।
महेन्द्र बोहरा, सभापति नगर परिषद, पाली



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.