Breaking News
recent

जिला प्रमुख के तेवर फिर तीखे, सीइओ को रिलीव करो तो करूंगी हस्ताक्षर

तृतीय श्रेणी द्वितीय लेवल में चयनित 45 अभ्यर्थियों का पदस्थापन नहीं

ज्वाइनिंग अटकने से चयनित अभ्यर्थियों का हंगामा
जिला प्रमुख आवास पर धरना लगाया

श्रीगंगानगर. जिला प्रमुख और जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी के बीच विधानसभा चुनाव से पहले का विवाद अब फिर से गहरा गया है। जिला परिषद ने राजकीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती 2018 के लेवल द्वितीय के विज्ञान व गणित के चयनित 45 अभ्यर्थियों को पदस्थापित करने के आदेश पर जिला स्थापना समिति की बैठक बुलाने और पदस्थापित आदेश पर साइन नहीं करने पर विवाद हो गया।

सोमवार को सीइओ चिन्मयी गोपाल ने जिला प्रमुख प्रियंका श्योराण को जिला परिषद में आकर चयनित अभ्यर्थियों के पदस्थापित करने के संबंध में भेजी गई फाइल पर साइन करने का आग्रह किया तो जिला प्रमुख ने इनकार कर दिया। प्रमुख का कहना था कि विधानसभा चुनाव से पहले सीइओ चिन्मयी गोपाल का तबादला बीकानेर हो चुका है। पहले इस सीइओ को रिलीव कर दिया जाए तो वह फाइल पर साइन करने को तैयार है।

इस बीच सीइओ का कहना था उन्होंने जिला प्रमुख को यह फाइल 20 दिसम्बर को भिजवा दी थी लेकिन अब तक फाइल पर साइन नहीं हो पाए हैं। सोमवार को जब अभ्यर्थियों ने अपना पदस्थापित करने के आदेश संबंधित पूछताछ की तो उनको जिला प्रमुख से साइन कराने की बात कही गई, यह सुनकर गुस्साए अभ्यर्थियों ने भगत सिंह चौक के पास सिविल लाइन्स स्थित जिला प्रमुख के सरकारी आवास पर धरना लगाकर हंगामा कर दिया।

कलक्टर बोले, नहीं मानीं तो सरकार को करवाएंगे अवगत : दिनभर हंगामा और धरने के बाद अभ्यर्थियों ने आखिरकार जिला कलक्टर से गुहार लगाई। शिक्षक संघ प्रगतिशील के अभिमन्यु भदोरिया की अगुवाई में अभ्यर्थियों कैलाश, टीना, निशा, नीलम, रेखा, सुरेन्द्र सोनू आदि जिला कलक्टर ज्ञानाराम से मिलने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।

कलक्टर ने भी जिला प्रमुख और सीइओ से मोबाइल पर इस मामले में बातचीत की। लेकिन जिला प्रमुख के तीखे तेवर सुनकर कलक्टर बोले कि अगले दो दिन में इस मामले का निस्तारण नहीं हुआ तो राज्य सरकार को अवगत कराया जाएगा। सरकार के हस्तक्षेप से यह मामला निस्तारित हो सकेगा।

जब सीइओ का तबादला हो चुका है तो वह अब पदस्थापित की प्रक्रिया अपनाने में क्यों अड़ी है। मैंने इसलिए अड़चन डाली है ताकि कोई अभ्यर्थी कोर्ट में चुनौती देता है तो उसका जवाब कौन देगा। ऐसे में नए सीइओ के माध्यम से पदस्थापन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। अभी तो सरकार के मंत्रियों ने भी अपना कार्यभार नहीं संभाला है। इतनी जल्दबाजी क्यों हो रही है।
प्रियंका श्योराण, जिला प्रमुख, श्रीगंगानगर।

यह सही है कि जिला प्रमुख और सीइओ के बीच विवाद चल रहा है। इस संबंध में जिला प्रमुख से बात की है। अगले दो दिन में पदस्थापित नहीं होते हैं तो सरकार के पास फाइल भिजवाई जाएगी।
ज्ञानाराम, जिला कलक्टर।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.