सवाईमाधोपुर. मतदान के बाद प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया है। सवाईमाधोपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान दिवस समाप्ति के तीसरे दिन रविवार को भी लोग अपने समीकरणों से प्रत्याशियों की जीत-हार का अनुमान लगाने में व्यस्त है।
जिला मुख्यालय पर रविवार को विभिन्न चौराहों, चाय व पान की थडिय़ों पर इन्हीं चर्चा व कयासों में लोगों को मशगूल देखा गया। इस दौरान फलां प्रत्याशी की जीत व फलां की हार की चर्चा करते नजर आए। कोई जातिगत वोटों का गणित तो कोई बूथों पर मतदान प्रतिशत की गणित लगाता रहा।
कोई शहरी क्षेत्र की तो कोई ग्रामीण क्षेत्र में बढ़े मतदान की गणित को जीत-हार का आधार बताता रहा। लोग पहले, दूसरे व तीसरे नम्बर पर रहने वाले प्रत्याशियों की भी चर्चा करते दिखाई दिए। इधर, प्रत्याशियों के समर्थक भी अपने प्रत्याशियों को मिले अनुमानित मतों का आंकड़ा लगाकर जीत के दावे करने लगे है। हालांकि इन दावों की हकीकत का पता 11 दिसम्बर को मतगणना के बाद ही चलेगा कि किस का दावा सही है।
कल का बेसब्री से कर रहे इंतजार
जिला मुख्यालय पर बजरिया स्थित एमपी कॉलोनी में ग्रामीणों के साथ युवा भी चाय की थडिय़ों पर बैठकर चुनावी चर्चा करते हुए देखे गए। गौतम कॉलोनी निवासी सुनील, शुभम, सोहेल, सुरेश अमन आदि ने बताया कि इस बार भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर है। फिलहाल, हार-जीत का अंदाजा लगाना मुश्किल है। ऐसे में लोग मंगलवार को बेसब्री से इंतजार कर रहे है।
शर्तों का दौर भी जारी
जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र में चुनाव समाप्ति के बाद अब प्रत्याशियों की जीत-हार का दावा करने वाले लोग शर्ते भी लगा रहे है। कई लोग दावतों व खाने-पीने की भी शर्ते लगा रहे है। वहीं लोगों का मानना है कि असली परिणाम को 11 दिसम्बर को मतों की गणना के बाद ही आएगा।
महापुरा में चुनावी चर्चा में मशगूल दिखे ग्रामीण
शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी चुनावी हार-जीत का गणित पर चचाएं जोर-शोर से चल रही है। खण्डार विधानसभा क्षेत्र के महापुरा गांव में रविवार को अधिकतर चाय की थडिय़ों पर लोग चुनावी संबंधित चर्चा करते दिखाई दिए।
महापुरा निवासी विनोद चौधरी, मुकेश चाय वाला, रामसहाय गुर्जर, व्यापारी रामेश्वर, चौथमल मीणा आदि ने दिनभर क्षेत्र के भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों की हार-जीत के बारे में चर्चा करते दिखे। चाय के साथ थडिय़ों पर ग्रामीण किसान वर्ग व युवाओं का जमावड़ा देखा गया।





No comments:
Post a Comment