सुजानगढ़.
शहर में वार्डदो निवासी एक वृद्ध महिला का शव शनिवार को घर के पिछवाड़े में बनी कुंड में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।पुलिस के मुताबिक वार्ड दो निवासी चंपादेवी पत्नी लक्ष्मीनारायण ब्राह्मण (55) का शव शनिवार को इसी घर के कुंड में मिला। कुंड का ढक्कन बंद था और शव कई दिन पुराना होने से दुर्गंध देने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में शव को निकालकर मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के पुत्र विजय कुमार ने रिपोर्ट दी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने चंपादेवी को मारकर कुंड में गिरा दिया। वह घर पर अकेली रहती थी। बीते रविवार को उनका रिश्तेदार किराएदार बनवारी घर खाली करके गया था।
बनवारी के अनुसार चंपादेवी ने गोहाटी जाने की बात कहकर घर खाली करवाया था। सोमवार को जब चंपादेवी के गोहाटी निवासी पुत्र विजयकुमार ने फोन किया था। बात नहीं होने पर विजय ने रिश्तेदारों को पता करने घर भेजा था। घर पर ताला लगा देख रिश्तेदार लौट गए। तब गोहाटी से विजय ने सुजानगढ़ पहुंचकर देखा तो कुंड में चंपादेवी का शव मिला। पुलिस की मौजूदगी में घर को संभाला गया तो बैड के नीचे नकद राशि, सोने-चांदी के जेवरात व चांदी के सिक्के सही सलामत मिले। ऐसे में पुलिस को लूट के इरादे से हत्या की आशंका कम नजर आई। बाहर ताला व कुंड पर ढ़क्कन से हत्या की आशंका हुई। रविवार को ही चंपादेवी की पुत्री रीमा ससुराल कुचेरा गई थी। पड़ौसियों ने पुलिस को बताया कि किराएदार के जाने के बाद चंपा ने घर की सफाई भी नहीं की।
जीप लहराकर विद्युत पोल से टकराई, दीवार पर अटकी
सादुलपुर. पिलानी सड़क पर एएसपी ऑफिस के सामने एक जीप का संतुलन बिगड़ गया एवं हवा में लहराकर पलटी खाती हुई एक विद्युत पोल से टकराकर दीवार पर अटक गई। प्रत्यक्षदर्शियों अनुसार जीप में दो व्यक्ति सवार थे। जिनको लोगों ने सरकारी अस्पताल पहुंचाया तथा चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए हिसार रैफर कर दिया। सरकारी अस्पताल के प्रभारी डा.मनमोहन गुप्ता ने बताया कि धोलिया गांव निवासी राजेश उम्र ३५ वर्ष तथा तारानगर निवासी अमित उम्र २५ वर्ष जीप दुर्घटना के बाद अस्पताल में पहुंचे थे। जिनको हिसार रैफर किया है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सादुलपुर से पिलानी की ओर जा रही एक जीप का संतुलन बिगड़ गया। अचानक जीप में हवा में लहराई एवं पलटा खाती हुई पोल से टकराकर दीवार पर अटक गई। दोनों घायल खतरे से बाहर बताए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ है।





No comments:
Post a Comment