जयपुर. आदर्श नगर थाना इलाके में जवाहरात की गद्दी से लाखों रुपए का माल चुराने वाले शातिर नकबजनों को पुलिस ने पकड़ लिया है। चोरी किए माल को बेचने की फिराक में घूमते हुए मुखबिर से सूचना मिलते ही पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
थानाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि 21 नवंबर की रात को पाव की बगीची में स्थित एक जवाहरात की गद्दी में चोरी हुई थी। 22 नवंबर की सुबह गद्दी मालिक जगतपुरा निवासी फूलचंद खंडेलवाल पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला। उन्होंने करीब 15-20 लाख रुपए का माल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि नवाब का चौराहा के पास कुछ युवक माल बेचने की फिराक में घूम रहे हैं, पुलिस ने दबिश देकर चार आरोपियों को पकड़ लिया। थाने लाकर पूछताछ की तो उन्होंने नकबजनी की वारदात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपी करीम कॉलोनी ईदगाह निवासी नवैद खान (20), चौकड़ी तोपखाना निवासी मतीन उर्फ मुतीन (26), छप्पर बंधों का मौहल्ला निवासी शोएब कुरैशी (24) और मूलत: टोंक हाल वनविहार कॉलोनी ईदगाह निवासी नईम उर्फ चाचा (45) है।
पुलिस ने बताया कि नईम शातिर नकबजन है। यह पहले तोपखाना में किराए पर रहता था और युवकों से वहीं सम्पर्क में आया। वारदात से पहले इन्होंने रैकी कर रामगंज स्थित भिस्तियों की छोटी मस्जिद के पास चाय की दुकान पर नकबजनी की योजना बनाई थी। वारदात के बाद कट्टे में भरकर माल ले गए थे और अलग-अलग जगहों पर रख दिया था। उनके पास से गारनेट घाट पत्थर, ब्लू टोपाज, गारनेट नगीना, कटिला नगीना और अद्र्ध निर्मित खरड़ बरामद की है, जिनकी कीमत का पता लगाया जा रहा है। वहीं आरोपियों से पूछताछ कर अन्य माल का पता लगाया जा रहा है।





No comments:
Post a Comment