रेलमगरा. कस्बे में मंगलवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं की ओर से निकाली गई वाहन रैली को चुनाव आयोग के सेक्टर अधिकारी एवं पुलिस ने स्वीकृती पत्र नहीं होने से रुकवा दी। इसके बाद करीब दो घण्टे में स्वीकृती पत्र आया तब तक कार्यकर्ता मौके पर ही नारेबाजी करते रहे।
भाजयुमो की रैली कस्बे के चामुण्डा माता मंदिर परिसर से रवाना हुई। यह मुख्य बस स्टैण्ड, कांकरोली मार्ग होते हुए नई आबादी क्षेत्र में पहुंची, जहां सामने से आए चुनाव आयोग के सेक्टर अधिकारी एवं पुलिस के जवानों ने रैली की इजाजत का पत्र मांगा। पदाधिकारियों द्वारा पत्र उपलब्ध नहीं कराए जाने पर अधिकारियों ने रैली को रुकवा दिया। मामले को लेकर रैली में शामिल कार्यकर्ता स्वीकृती पत्र आने तक मौके पर ही रुकने की बात पर अड़ गए। बाद में पार्टी पदाधिकारियों ने नाथद्वारा उपखण्ड अधिकारी से रैली की स्वीकृती प्राप्त की, जिसके बाद वाहन रैली आगे बढ़ पाई। इस दौरान स्वीकृती मिलने तक करीब दो घंटे तक दर्जनों वाहन नई आबादी में पटवार मण्डल के पीछे स्थित गली में अटके रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
स्वीकृती नहीं होने से रोका
रैली की इजाजत नहीं होने से रुकवाया व बाद में सक्षम अधिकारियों से स्वीकृती मिलने पर रैली को रवाना किया। आयोग के निर्देशों की पालना में कार्रवाई की गई।
सुरेशचंद्र पानेरी, सेक्टर अधिकारी, चुनाव आयोग रेलमगरा
एक दिन पूर्व दिए थे दस्तावेज
रैली की इजाजत के लिए एक दिन पूर्व ही सक्षम अधिकारियों के समक्ष दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, लेकिन चुनाव में व्यस्त होने की वजह से समय पर इजाजत नहीं मिल पाई।
शिवकुमार शर्मा, मण्डल अध्यक्ष, भाजयुमो रेलमगरा





No comments:
Post a Comment