दौसा. बदलाव की बयार में दौसा जिले की जनता ने कांग्रेस का जमकर साथ दिया। जिले की पांच में से कांग्रेस ने चार सीटों पर जीत का परचम लहरा दिया वहीं भाजपा एक भी सीट नहीं बचाते हुए चहुंखाने चित्त हो गई। स्थिति यह रही कि दौसा की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले राज्य सभा सांसद डॉ.किरोड़ीलाल मीना अपने भतीजे व पत्नी की भी सीट नहीं बचा सके। प्रदेश की हॉट सीट महुवा पर निर्दलीय प्रत्याशी ओमप्रकाश हुड़ला उन पर भारी रहे। वहीं लालसोट सहित जिले में कहीं भी उनका प्रभाव नजर नहीं आया। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नांगलप्यारीवास में विशाल सभा का भी कोई असर देखने को नहीं मिला। इस सभा में एक लाख से भी अधिक लोग जुटे थे। मोदी भी भीड़ देखकर गदगद थे। उल्लेखनीय है कि डॉ.किरोड़ी सपोटरा से उनकी पत्नी गोलमादेवी की भी सीट नहीं बचा सके। वहां कांग्रेस के रमेश मीणा ने जीत की हैट्रिक बनाकर इतिहास बना दिया।
प्रदेश की हॉट सीट महुवा में भी निर्दलीय प्रत्याशी ओमप्रकाश हुडला ने बीजेपी की बढ़त को अंत तक आगे नहीं बढऩे दिया। अंत में भाजपा को पटकनी देते हुए 9000 से अधिक मतों से जीत की ओर बढ़ रहे हैं। जिले में पांचों सीटों में से बीजेपी का एक भी प्रत्याशी जीत दर्ज नहीं कर सका।
दौसा :सबसे बड़ी जीत, मुरारीलाल 50948 मतों से जीते
दौसा से कांग्रेस प्रत्याशी मुरारीलाल मीना ने 50948 मतों से भाजपा के शंकरलाल शर्मा को हराकर जिले में सबसे बड़ी जीत दर्ज की। सीट पर शुरुआत रूझानों में ही मुरारीलाल मीना ने बढ़त बना ली। इस दौरान उन्होंने आखिर चरण तक भाजपा को बढऩे का मौका नहीं दिया। दोपहर तक 20 हजार से अधिक मतों से आगे हो गए और अंतिम चरण तक जीत का अंतराल दोगुने से भी अधिक करते हुए एतिहासिक जीत दर्ज कराई। उल्लेखनीय है कि 2013 के चुनाव में दोनों ही प्रत्याशी आमने सामने थे। गत चुनाव में शंकरलाल ने इन्हें सबसे बड़ी हार कराई थी। इस बार मुरारी ने दोगुने मतों से हराकर पिछली हार का हिसाब सूत समेत चुकता कर दिया।
सिकराय: ममता भूपेश ने शुरुआती रूझानों से ही ले ली बढ़त
सिकराय से कांग्रेस प्रत्याशी ममता भूपेश ने भाजपा के विक्रम बंशीवाल को 33783 मतों से हराकर जिले में दूसरी बड़ी जीत दर्ज की। इस सीट पर कांग्रेस ने शुरुआत रूझान से ही बढ़त बना ली, जो अंतिम चरण तक ना केवल बढ़त बनाए रखी, बल्कि जिले में जीत के दूसरे बड़े अंतराल तक पहुंच गई।
लालसोट में आमने सामने की टक्कर में परसादी जीते
लालसोट में कांग्रेस प्रत्याशी परसादी लाल मीना ने 9074 मतों से अंत में बढ़त बनाते हुए भाजपा के रामबिलास मीना को हराया। लालसोट में कांग्रेस भाजपा की आमने सामने की टक्कर मानी जा रही थी। शुरुआती रूझान में परसादीलाल मीना ने बढ़त बना ली थी, लेकिन बाद में भाजपा के रामबिलास मीना ने बढ़त बना ली। अलग अलग चरणों में आगे पीछे होते हुए अंत में परसादी लाल विजेता बने।
बांदीकुई: अंत तक त्रिकोणीय मुकाबले में खटाणा जीते
बांदीकुई में त्रिकोणीय कड़े संघर्ष में कांग्रेस प्रत्याशी जी.आर. खटाणा ने भाजपा के रामकिशोर सैनी को अंत में पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। सीट पर शुरुआत में बीजेपी आगे रही। बाद में खटाणा। वहीं बसपा के भागचंद टांकड़ा भी थोड़े अंतराल से पीछे चल रहे थे। अंत तक त्रिकोणीय संघर्ष में बीजेपी व कांग्रेस आगे पीछे चलते रहे व बसपा भी बराबर पीछा करती रही। इस दौरान खटाणा की भी सांसे अटकी हुई थी, लेकिन आखिर में खटाणा ने 56433 मत प्राप्त कर भाजपा के रामकिशोर सैनी को 4764 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।
हॉटसीट महुवा: हुड़ला ने अंत में 9000 से अधिक मतों से बनाई बढ़त
महुवा विधानसभा सीट पर शुरुआती रूझान में भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र मीना बढ़त बनाए रखे। लेकिन दोपहर बाद से आए रूझानों में भाजपा के बागी निर्दलीय प्रत्याशी ओमप्रकाश हुड़ला ने भाजपा को पीछे छोड़ते हुए बढ़त बना ली। यह बढ़त शुरुआत में कम थी, लेकिन अंत तक हुड़ला 9000 मतों से अधिक बढ़त बनाए रखी। अभी अंतिम सीट के रूझान आ रहे हैं। इस सीट पर अभी तक अधिकृत जीत नहीं घोषित नहीं की गई है, लेकिन हुडला को जीता हुआ माना जा रहा है।






No comments:
Post a Comment